Ghaziabad News: रावण-वेदवती संवाद ने दर्शकों को किया भाव-विभोर, रावण को मिला श्राप
Ghaziabad News: गाजियाबाद में रामलीला के दौरान प्रमुख दृश्य को दर्शाया गया जिसमें रावण और वेदवती का संवाद दर्शकों को भावुक कर गया। इसके अलावा राजा हरिशचंद्र के जीवन पर नाटक का मंचन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित मां भगवती की चौकी पर भक्तों ने भजनों का आनंद लिया।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। घंटाघर स्थित श्री सुल्लामल रामलीला में बुधवार को रावण, विभीषण, कुंभकर्ण की तपस्या, कुबेर से लंका छीनने, नल-कुबेर श्राप, रावण-वेदवती संवाद और श्रवण लीला का सजीव मंचन किया गया। निर्देशक संदीप अरोड़ा के निर्देशन में कलाकारों ने संवादों और अभिनय से दर्शकों के बीच अमिट छाप छोड़ी। लीला का सबसे मार्मिक प्रसंग रावण-वेदवती संवाद रहा।
रावण और वेदवती का संवाद
मंचन में दिखाया गया कि जंगल में तपस्या कर रही ऋषि कन्या वेदवती को देखकर रावण उस पर मोहित हो जाता है और उसे अपने साथ चलने के लिए विवश करता है। जैसे ही रावण वेदवती को स्पर्श करता है, वह उसे श्राप देती है कि वह स्वर्गलोक जा रही है और अगले जन्म में उसी की मृत्यु का कारण बनेगी। यह कहकर वेदवती प्राण त्याग देती है। यह दृश्य देख दर्शक भावुक हो उठे। वहीं, रावण ने नल कुबेर की होने वाली पत्नी स्वर्ग की अप्सरा रंभा का शील भंग करने का प्रयास किया तो उसने रावण को श्राप दिया कि रावण ने भविष्य में किसी भी स्त्री को बिना सहमति के स्पर्श भी किया तो उसके मस्तक के सौ टुकड़े हो जाएंगे या दसों सिर उसी क्षण फटकर भस्म हो जाएंगे।
इस दौरान उस्ताद अशोक गोयल, अध्यक्ष अजय बंसल, नरेश प्रधान, संजीव मित्तल, अनिल चौधरी, सुधीर गुप्ता मोनू, प्रदीप मित्तल, राजेंद्र मित्तल, रविंद्र मित्तल, प्रेमचंद गुप्ता, दिनेश शर्मा बब्बे, राघवेंद्र शर्मा, पार्षद नीरज गोयल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। वहीं, कविनगर रामलीला मैदान में श्री धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से मां भगवती की चौकी का आयोजन किया गया। इस दौरान मां के भजनों पर भक्त देर तक झूमते रहे।
राजा हरिशचंद्र का नाटक
विजयनगर में राजा हरिशचंद्र के जीवन पर नाटक का मंचनः विजयनगर स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ने बुधवार को प्रथम पूज्य भगवान गणेश के पूजन से रामलीला का शुभारंभ किया। गणेश पूजन के बाद राजा हरिशचंद्र के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। नाटक में दिखाया गया कि महर्षि विश्वामित्र ने उनकी सत्यनिष्ठा की परीक्षा लेने के लिए उनसे उनका राज्य और धन मांग लिया। इसके बाद उनके उपर अनेक प्रकार के दुख व कष्ट आए, मगर उन्होंने सत्य और कर्तव्य का मार्ग नहीं छोड़ा। अंततः उनकी परीक्षा समाप्त हुई और उन्हें उनका राज्य तथा परिवार वापस प्राप्त हुआ। शहर विधायक संजीव शर्मा ने भगवान गणेश की आरती की। कमिटी के सभी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मां भगवती की चौकी
राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, शेरावाली मां की झांकियों ने किया आकर्षितः श्री रामलीला समिति राजनगर की ओर से बुधवार को रामलीला मैदान में माता की चौकी का आयोजन किया गया। मुख्य यजमान विजय कुमार गुप्ता ने सपरिवार पूजा शुरू कराई। गणेश वंदना और मां दुर्गा की आराधना के बाद श्रीराम महोत्सव निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की गई। भजन गायक नरेश रैना, दिल्ली से आए किशोर वर्मा, राधिका किशोरी और बॉबी भाई ने भजनों से समां बांध दिया। इस दौरान हनुमान, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती और शेरावाली मां की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस मौके पर समिति अध्यक्ष जय कुमार गुप्ता, महामंत्री दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष आरके शर्मा, पार्षद प्रवीण चौधरी, डीके गोयल, डॉ. आरके मित्तल, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

