
रंगदारी मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार
लोनी में ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने रेत खनन पट्टा धारक से रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने जेल में बंद दीपक के कहने पर रंगदारी और रेत की मांग की थी। मना करने पर दोनों ने फायरिंग की और फरार हो गए थे।
लोनी, संवाददाता। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने रेत खनन पट्टा धारक से रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जेल में बंद बदमाश के नाम से तीन लाख रुपये और छह ट्रक रेत की मांग की गई थी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के गढ़ी कटैया गांव निवासी सुमित बंसल को नौरसपुर गांव के पास रेत खनन करने के लिए पट्टा आवंटित हुआ था। उन्होंने बताया कि दिल्ली की जेल में बंद बदमाश दीपक निवासी गांव अगरौला ने फोन कर प्रतिदिन छह ट्रक रेत निशुल्क देने और तीन लाख रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी थी।
उनके मना करने पर बदमाश के गिरोह के सदस्य रंगदारी और रेत से भरे ट्रक देने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे निखिल उर्फ निक्की उर्फ शिवा निवासी रामपार्क और अरमान निवासी रामपार्क ट्रोनिका सिटी बिना नंबर की कार से रेत खनन प्वाइंट पर पहुंचे और रंगदारी मांगी। उनके द्वारा मना किए जाने पर दोनों ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए थे। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मंगलवार को सोनिया विहार पुश्ता से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों ने पूछताछ में जेल में बंद बदमाश दीपक के कहने पर फायरिंग करने के बाद बागपत भाग जाने बात स्वीकार की है। एसीपी ने बताया कि बदमाश निखिल पर गाजियाबाद, बागपत और दिल्ली के अलग-अलग थानों में 25 मुकदमे दर्ज है। वहीं, अरमान पर गाजियाबाद के शालीमार गार्डन व ट्रोनिका सिटी थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। डेढ़ माह पूर्व किया गया था जिला बदर एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि निखिल उर्फ निक्की शातिर किस्म का अपराधी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने 18 अक्तूबर को उसे छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया था। स्थानीय पुलिस मुनादी कर अपराधी को दूसरे जिले की सीमा तक छोड़ कर आई थी। इसके बावजूद बदमाश अवैध रूप से क्षेत्र में रह रहा था और रंगदारी मांग रहा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




