गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दी
गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने अपने भाई को जिम्मेदार ठहराया है। जांच जारी है।

गाजियाबाद। वेव सिटी थानाक्षेत्र के फार्म हाउस में घरेलू विवाद के बाद युवक ने गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह दोनों के शव देख कर्मचारी ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर के गांव दुलकरा निवासी सुरेश के 28 वर्षीय बेटे राहुल की शादी करीब दो वर्ष पहले हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 25 वर्षीय सुमन से हुई थी। राहुल बैंक्वेट हॉल आदि में सजावट का काम करता था। बताते हैं कि कुछ दिन पहले ही राहुल पत्नी सुमन को लेकर वेव सिटी थानाक्षेत्र स्थित क्रिस्टल फार्म हाउस में काम करने आया था।
फार्म हाउस को चिपियाना थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर निवासी सुशील शर्मा ठेके पर लेकर चलाते हैं। सुशील ने राहुल को फार्म हाउस में ही रहने के लिए कमरा दिया था, जहां वह पत्नी सुमन के साथ रहता था। राहुल के अलावा फार्म हाउस में अमित नाम का कर्मचारी भी रहता है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अमित ने सुमन का शव बेड पर और राहुल का शव फंदे पर लटका देखा तो सुशील को सूचना दी। सुशील ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल नशे का आदी था और पत्नी से झगड़ता रहता था। सोमवार शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस झगड़े के बाद राहुल ने देर रात को उक्त वारदात कर दी। जिस तरह से कमरे में सुमन की चूड़ियां टूटी मिली हैं, उससे प्रतीत होता है कि उसने विरोध किया होगा, लेकिन राहुल हत्या करने में कामयाब हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में भाई को जिम्मेदार ठहराया एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि जांच में सामने आया है कि सुमन गर्भवती थी। शव के पास बेड पर एक सुसाइड नोट मिला है। राहुल ने सुसाइड नोट में अपने भाई चंदर को घटना का जिम्मेदार बताया। उसने लिखा कि भाई चंदर की वजह से उसे यह कदम उठाना पड़ रहा। लिखावट से प्रतीत होता है कि राहुल कम पढ़ा-लिखा था। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसीपी वेव सिटी का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


