Ghaziabad News: वाई फाई की शिकायत दूर करने गए व्यक्ति की करंट लगने से मौत
Ghaziabad News: गाजियाबाद के कैलाशपुरम-द्वितीय में वाई-फाई खराबी की शिकायत लेने गए 34 वर्षीय अरविंद कुमार करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, नतिन कौशिक। कविनगर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरम-द्वितीय में वाई-फाई की शिकायत की जांच करते वक्त एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बागपत निवासी 34 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मूल रूप से ग्राम कहरका, थाना चांदीनगर जनपद बागपत में रहने वाले अरविंद परिवार के साथ गोविंदपुरम में किराये के कमरे में रहते थे। वह वाई-फाई कनेक्शन लगाने का काम करते थे। 31 अगस्त को कैलाशपुरम द्वितीय में रहने वाले उपभोक्ता ने वाई फाई में खराबी की शिकायत की। वह इस खराबी को दूर करने के लिए शाम साढ़े छह बजे मौके पर पहुंचे, जहां वाई-फाई की डिस्क में करंट उतरा था।
करंट की चपेट में आने से अरविंद कुमार गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान अरविंद की मौत हो गई। पुलिस ने शव मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


