
ई-रिक्शा की टक्कर से गार्ड की मौत, बेटा घायल
गाजियाबाद में नंदग्राम थानाक्षेत्र में गलत दिशा में आए तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नंदग्राम थानाक्षेत्र में गलत दिशा में आए तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। राजनगर एक्सटेंशन के मोरटी गांव में रहने वाले राहुल के अनुसार चार जनवरी की शाम करीब सवा छह बजे उसका छोटा भाई शुभम बाइक पर पिता कमल किशोर को ऑफिस छोड़ने जा रहा था। उनके पिता एक निजी संस्थान में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। जब दोनों नंदग्राम में एके चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को कैलाश मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए छह जनवरी को उन्हें नोएडा सेक्टर-33 स्थित प्रकाश हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां 11 जनवरी को उनके पिता ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। राहुल का कहना है कि घटना के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया था। घटना के संबंध में राहुल ने 14 जनवरी को नंदग्राम थाने में शिकायत दी। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




