डीएमई पर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
स्नान करने मुरादनगर गंगनहर जा रहा था रास्ता भटककर डीएमई पर चढ़ गया

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। कविनगर थानाक्षेत्र में दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। युवक महाशिवरात्रि के अवसर पर मुरादनगर स्थित गंगनहर में स्नान के लिए परिजनों के साथ दिल्ली से निकला था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण अकेले एक्सप्रेसवे पर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिल्ली के गोविंदपुरी निवासी 35 वर्षीय ज्योतिष पात्रा के रूप में हुई है। रविवार तड़के ज्योतिष पात्रा अपने परिवार के अन्य सदस्यों और परिचितों के साथ दोपहिया वाहनों से मुरादनगर गंगनहर स्नान के लिए रवाना हुए थे। सभी लोगों को हापुड़ चुंगी मार्ग से होकर जाना था।
बताया गया कि हापुड़ चुंगी के पास समूह के सभी सदस्य निर्धारित मार्ग की ओर चले गए, जबकि ज्योतिष पात्रा रास्ता समझ न पाने के कारण अलग हो गए और अनजाने में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए। सुबह के समय एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण वह स्थिति को भांप नहीं सके। जैसे ही वह मणिपाल अस्पताल के सामने पहुंचे तो पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ज्योतिष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


