टेंपो से कुचलकर मासूम की मौत हुई
-वेव सिटी थानाक्षेत्र के शाहपुर बम्हेटा में हुआ दर्दनाक हादसा, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। शाहपुर बम्हेटा में शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेल रहे बच्चे की दूध के टेंपो से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि शाहपुर बम्हेटा में एक बच्चे के साथ सड़क दुर्घटना हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे शाहपुर बम्हेटा निवासी नरेंद्र यादव का साढ़े तीन वर्षीय बेटा गोविंद घर के बाहर खेल रहा था।
उसी दौरान इलाके में दूध की सप्लाई करने वाला टेंपो पहुंचा। बताया गया कि बच्चा खेलते-खेलते अचानक वाहन के सामने आ गया। चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बच्चा टेंपो की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध दिखाई दिए। मोहल्ले में पूरे दिन मातम पसरा रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


