ट्रैफिक पुलिस की मदद से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचीं छात्राएं
-मेरठ रोड पर कार खराब होने से एलएलबी परीक्षा छूटने की थी आशंका -ट्रैफिक इंस्पेक्टर

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। मेरठ रोड स्थित एचआरआईटी कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के लिए सोमवार को ट्रैफिक पुलिस मददगार साबित हुई। रास्ते में उनकी कार अचानक खराब हो गई, जिससे उन्हें परीक्षा छूटने की चिंता सताने लगी। छात्राओं ने तत्काल यातायात पुलिस से संपर्क कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को अपने पेट्रोलिंग वाहन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय यादव ने बताया कि वह आठ जून को ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दो छात्राओं ने उनसे संपर्क कर बताया कि वह एचआरआईटी कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा देने जा रही हैं, लेकिन रास्ते में उनकी कार खराब हो गई है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचीं तो उनकी परीक्षा छूट सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल कार्रवाई की और दोनों छात्राओं को अपने पेट्रोलिंग वाहन में बैठाकर कॉलेज पहुंचाया।पुलिस की तत्परता के चलते छात्राएं समय से परीक्षा केंद्र पहुंच सकीं और परीक्षा में शामिल हो गईं। समय पर कॉलेज पहुंचने के बाद छात्राओं ने राहत की सांस ली और यातायात पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि ट्रैफिक पुलिस समय पर मदद नहीं करती तो उनकी परीक्षा छूट सकती थी। छात्राओं ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय यादव और यातायात पुलिस की संवेदनशीलता व त्वरित सहायता के लिए धन्यवाद दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


