Ghaziabad News: तीज उत्सव में सावन के गीतों पर झूमीं महिलाएं
Ghaziabad News: गाजियाबाद में रविवार को तीज उत्सव धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने हरी चूड़ियों और परिधानों में नृत्य और मनोरंजन कार्यक्रम पेश किए। प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को पुरस्कार दिए गए। विभिन्न सोसायटियों में तीज क्वीन का चयन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को संस्कृति और परंपरा से जोड़ना था।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, वंदना। शहर में कई जगह रविवार को तीज उत्सव मनाया गया। हरी चूड़ियों और हरे परिधानों में सजी महिलाओं ने धूम धाम से तीज का त्योहार मनाया। सावन के गीतों पर नृत्य कर कई तरह के मनोरंजक खेल खेले। महिलाओं ने रंगारंग नृत्य और गायन प्रस्तुतियां दी। प्रतियोगिताओं में विजेता बनी महिलाओं को पुरस्कार दिए गए। इस दौरान महिलाओं को तीज क्वीन का खिताब भी दिया गया। गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में रश्मि चौधरी के संयोजन में तीज उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। महिलाओं ने तीज और सावन के गीतों पर नृत्य किया। इसके साथ प्रदर्शनी में विभिन्न तरह के स्टॉल लगाए गए, जिन पर महिलाओं ने खरीदारी की। रश्मि चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम में परंपरा के साथ मनोरंजन का संगम हुआ। इसमें झूला और रोमांचक खेल मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने बताया कि खेलों में विजेता बनी महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना था। वहीं विद्युत पेंशनर्स एसोसिएशन ने भी सावन और तीज उत्सव मनाया। कार्यक्रम में सितारों लगी ओढ़नी मंगा दे सजना सहित अन्य कजरी गीतों ने समा बांधा। इस दौरान नंदिनी कृष्ण कांत को तीज क्वीन का खिताब दिया गया。
कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण
नीता भार्गव प्रथम रन अप और रितु गर्ग द्वितीय रनर अप रहीं। कार्यक्रम में हस्त निर्मित सजावटी सामान का स्टॉल भी सजाया गया। मंच संचालन साहित्यकार रेनू अंशुल ने किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके अरोरा, सचिव एके वार्ष्णेय, रितु गर्ग, रंजना गुप्ता, लता वार्ष्णेय, इंदु आचार्य, प्रीति मांगलिक, अनुराधा अरोरा आदि मौजूद रहे। एसजी शिखर हाइट्स सोसायटी में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति से लेकर संस्कृति तक का उत्साह दिखा। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तीज उत्सव में 300 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल, तिलक एवं पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ। एकल एवं समूह नृत्य, गायन, कविता एवं शायरी जैसी प्रस्तुतियों ने शाम को जीवंत बनाया। समारोह में मिसेज तीज 2026 रैंप वॉक और सोलह श्रंगार प्रतियोगिता रहा।
महिलाओं के लोकनृत्य प्रदर्शन
लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी
रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद साउथेंड ने सावन और तीज उत्सव मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं ने राजस्थानी, हरियाणवी, उत्तर प्रदेश, पंजाब आदि प्रदेशों के लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी, जो कि आकर्षण के केंद्र रहे। कार्यक्रम में तौल-मोल कर बोल तथा गानों की फिल्म पहचानो जैसे मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए। देशभक्ति के गीतों पर भी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रवि बाली और दीपिका बाली मौजूद रहे। इसके साथ डॉ. स्वाति गुप्ता, प्रियातोष गुप्ता, रचना गुप्ता, संजय अग्रवाल, अंजू अग्रवाल आदि शामिल रहे।
रैंप वॉक और तीज क्वीन का चुनाव
महिलाओं ने रैंप वॉक पर जलवा बिखेरा
जैन महिला समिति ने ऋषभांचल ध्यान योग केंद्र में हरियाली तीज महोत्सव मनाया। कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल मुख्य अतिथि रही। इस दौरान महिलाओं ने रैंप वॉक पर जलवा बिखेरा। इसके साथ लोक गीतों पर भी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। महिलाओं ने सावन के गीतों के साथ झूले का आनंद उठाया। समिति की अध्यक्ष रेखा गोयल, मंजू जैन और अलका जैन ने सभी महिलाओं को चूड़ी, बिंदी और मेहंदी उपहार में दी। कार्यक्रम में तीज क्वीन का खिताब भी दिया गया। इस अवसर पर 400 से ज्यादा महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया।


