लापरवाह डॉक्टर-स्टाफ हटाए जाएंगे
स्वास्थ्य विभाग ने आठ कर्मचारियों की सूची बनाई स्वास्थ्य समिति की बैठक में हटाने का

गाजियाबाद, संवाददाता। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। कार्य में लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने वाले डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय समीक्षा में तीन डॉक्टर समेत आठ कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के लिए सूची तैयार की गई है। नगरीय पीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि शासन स्तर से सख्त निर्देश हैं कि समय पर ड्यूटी न करने, मरीजों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने, रिकॉर्ड सहेजने में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डॉक्टरों और स्टाफ की सूची तैयार की जाए।
इसी क्रम में तीन डॉक्टर, तीन एएनएम, एक स्टाफ नर्स और एक लैब टेक्नीशियन को लापरवाह पाए जाने के बाद उनकी सूची तैयार की गई है। इन कर्मियों को सेवा से हटाने का प्रस्ताव आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में रखा जाएगा। समिति की स्वीकृति के बाद संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ औपचारिक कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ कर्मचारियों में अनुशासन भी कायम होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


