इंजीनियर को कार में अगवा कर लूटा
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बाइक से कार टकराने के बाद दो

ट्रांस हिंडन, संवाददाता। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बाइक से कार टकराने के बाद दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उन्हीं की कार में अगवा कर लिया। बदमाश लगभग आधे घंटे तक उन्हें घुमाते रहे और फिर पर्स से तीन हजार रुपये और पेटीएम से पांच हजार रुपये लेकर कार समेत छोड़कर भाग गए। घटना शुक्रवार शाम की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक पांडेय नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। अभिषेक ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम एक विवाह समारोह में जा रहे थे।
लिंक रोड क्षेत्र में टाटा मोटर्स शोरूम के सामने दो बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर लापरवाह तरीके से चल रहे थे। उन्होंने बाइकों से बचकर आगे निकलने का प्रयास किया तो उनकी कार एक बाइक से टच हो गई। इस पर बाइक सवार उनके साथ गालीगलौज करने लगे। इसके बाद दोनों बाइकों पर सवार युवक उनका पीछा करने लगे। कुछ आगे जाकर एक बाइक ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद वैशाली स्थित रामप्रस्थ ग्रींस सोसाइटी के पास तीनों ने उनकी कार को ओवरटेक करके रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी कार पर पत्थर बरसाए और आगे का शीशा तोड़ दिया। बदमाश लगातार उन्हें कार से बाहर आने के लिए कह रहे थे। उन्होंने खिड़की का शीशा नीचे कर विरोध जताया, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने उनका पर्स, मोबाइल और कार की चाबी छीन ली। इसके उन्हें जबरन कार में बैठाया और लगभग आधे घंटे तक सड़कों पर घुमाते रहे। इस दौरान एक बदमाश उन्हें धमकाता रहा और उनके साथ मारपीट करता रहा। कुछ देर बाद बदमाशों ने हिंडन नदी वाली सड़क पर सुनसान स्थान पर कार रोकी और उनसे जबरन पांच हजार रुपये पेटीएम करा लिए। इसके अलावा उनके पर्स में रखे तीन हजार रुपये भी छीन लिए। इसके बाद बदमाश फिर से कार चलाने लगे और कुछ देर में उन्हें वसुंधरा स्थित सेंट थॉमस स्कूल के पास छोड़कर भाग निकले। शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन किया और थाने पहुंचे। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने थाने पर जाकर तहरीर भी दी, लेकिन शनिवार तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले को सीमा विवाद में फंसा रही है। पहली बार बाइक से कार छूने की घटना लिंकरोड थानाक्षेत्र में हुई थी। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला रोडरेज के दौरान मारपीट का सामने आया है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


