Ghaziabad News: शहर के मंदिरों-सोसाइटी में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण छठी महोत्सव
Ghaziabad News: गाजियाबाद में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा की गई। भक्तों ने भजन-कीर्तन किया और प्रसाद वितरित किया गया। कई सोसाइटियों में भी छठी मनाई गई। गुलमोहर एंक्लेव में महिलाओं ने कान्हा जी की छठी पर भजन अर्पित किए।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। जिले के मंदिरों और सोसाइटियों में बुधवार को श्रीकृष्ण छठी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप बाल गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना की गई। भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु खूब झूमे। भजनों के माध्यम से मां यशोदा व नंदबाबा को नंदलाल के जन्म लेने की बधाई दी गई। अंत में प्रसाद वितरित किया गया। भगवान को उनके प्रिय माखन-मिश्री, फल, मिठाई व कढ़ी-चावल का भोग लगाया गया। नेहरू नगर स्थित शिव मंदिर, राजनगर सेक्टर 14, सेक्टर आठ, सेक्टर दो और सेक्टर नौ स्थित शिव मंदिर समेत शहरभर के मंदिरों में जगह-जगह कढ़ी-चावल के भंडारे लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। ठाकुरद्वारा और दूधेश्वरनाथ मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं, सोसाइटियों में भी भगवान श्रीकृष्ण की छठी हर्षोल्लास से मनाई गई। बाल गोपाल का नामकरण भी किया गया। गोविंदपुरम स्थित केशव रेजीडेंसी में में कृष्ण छठी पर भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त घंटों भजनों पर झूमते रहे। मनोज कुमार, गौरव कुमार, नीरज त्यागी, भूपेंद्र कुमार, गौरव आदि निवासी मौजूद रहे。
कान्हा जी को झूला झुलाते हुए दीं बधाइयांः
राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एंक्लेव सोसाइटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में लड्डू गोपाल की छठी कार्यक्रम में महिलाओं ने कान्हा जी की छठी के भजनों और गीतों का गायन किया। ढोलक और मंजीरों की मधुर धुन पर भक्ति गीत गाते हुए नृत्य भी किया। कान्हा जी को झूला झुलाते हुए महिलाओं ने बधाइयां दीं। इसके बाद विधि-विधान के साथ लड्डू गोपाल की आरती हुई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। लड्डू गोपाल की छठी का आयोजन आलोक मिश्रा एवं करुणा मिश्रा परिवार ने किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी, करुणा मिश्रा, संतोष बिग, सोनिया मल्होत्रा, पं. राजीव मिश्रा, सुरेश, आलोक, दिनेश आदि मौजूद रहे। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग रिपब्लिक एवं सिद्धार्थ विहार की अनेक सोसाइटी के मंदिरों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए।


