Ghaziabad News: दुकानदारों ने आरओबी निर्माण से पहले पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन किया
Ghaziabad News: मोदीनगर में हापुड़ मार्ग रेलवे क्रासिंग पर दुकानदारों ने निर्माणाधीन आरओबी से प्रभावित होकर पुनर्वास की मांग की। उनका कहना है कि निर्माण से उनकी दुकानें प्रभावित होंगी, जिससे आजीविका संकट में पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से पहले उचित समाधान देने की अपील की है।

Ghaziabad News: मोदीनगर, चंद्रशेखर त्यागी। हापुड़ मार्ग रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन आरओबी से प्रभावित दुकानदारों ने आरओबी निर्माण से पहले पुनर्वास की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दुकानदारों का कहना है कि निर्माण कार्य से उनकी दुकानें प्रभावित होंगी और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।राज चोपला पास निर्माणाधीन आरओबी की जद में आ रहे दुकानदार एकत्रित होकर बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने कहा कि वे क्षेत्र में होने वाले विकास कार्य या आरओबी निर्माण के विरोध में नहीं हैं। उनकी मुख्य चिंता निर्माण की जद में आने वाली दुकानों और उससे प्रभावित होने वाली आजीविका को लेकर है।
उन्होंने प्रशासन से पहले उचित समाधान और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने प्रस्तावित आरओबी निर्माण से पहले ही अपनी समस्याओं को उठाया था। इस संबंध में एडीएम एलए गाजियाबाद को एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया था। बाद में उन्हें बताया गया कि ज्ञापन संबंधित कार्यालय को भेज दिया गया है। मगर अभी तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। दुकानदारों ने मांग की है कि आरओबी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले प्रभावित कारोबारियों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर स्पष्ट निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि दुकानें हटने से उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट पैदा हो जाएगा। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने उन्हें गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया।


