
रंगदारी न देने पर हत्या का प्रयास, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में दुकानदार इजहार को रंगदारी नहीं देने पर चार लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः अदालत में गुहार लगाने पर पुलिस ने 20 महीने बाद मामला दर्ज किया। एसीपी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।
ट्रांस हिंडन। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रंगादारी नहीं देने पर दुकानदार को मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने अदालत में गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने 20 महीने बाद मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की है। शहीद नगर में रहने वाले इजहार के अनुसार वह टीला मोड़ क्षेत्र में सेटरिंग की दुकान संचालित करते हैं। आरोप है कि बीते साल पांच अप्रैल 2024 को वाजिद, हारून, अमरून, सुहैल निवासी गरिमा गार्डन पसौंडा उनकी दुकान पर पहुंचे और पांच हजार रुपये महीना रंगदारी की मांग की। इसके बाद चारों लोग दोबारा सात अप्रैल को फिर से उनकी दुकान पर पहुंचे और रंगदारी की मांग की, नहीं देने पर चारों ने लाठी-डंडों से उनकी बुरी तरह से पिटाई की।

शोर शराब होने पर आसपास के लोग जमा होने लगे, जिसके बाद चारों दुकान के गल्ले से 2200 रुपये भी निकाल कर ले गए। उन्हें गंभीर हालत में लोनी के संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला एमएमजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसीपी शालीमार गार्डन को भी शिकायती पत्र दिया, जिसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हमलावर उन्हें लगातार धमका रहे हैं औऱ रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। परेशान होकर पीड़ित ने अदालत में गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर टीला मोड़ थाना पुलिस ने पांच दिसंबर 2025 को चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




