Ghaziabad News: संपत्ति विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली
Ghaziabad News: लोनी के संगम विहार में संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच सोमवार सुबह ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। विवाद को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं और मामला कोर्ट में चल रहे है।

Ghaziabad News: लोनी, आयुष गंगवार। लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र के संगम विहार में सोमवार सुबह संपत्ति को लेकर दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग हुई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में एक युवक के पैर में गोली लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें सरेआम फायरिंग की जा रही है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। संगम विहार कॉलोनी में करीब 500 वर्ग गज का एक भूखंड, जिस पर एक मंजिला मकान बना है। पुलिस के मुताबिक एक पक्ष के गजेंद्र और ऋषि बालियान और दूसरे पक्ष के संजय धामा के बीच इसको लेकर विवाद है। मामला कोर्ट में चल रहा है। दोनों पक्ष अपना-अपना दावा करते हैं। सोमवार सुबह इस मकान पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पहले से मकान पर काबिज संजय और ऋषि समेत पांच लोग यहां मौजूद थे। दूसरे पक्ष से संजय, नेपाल और संदीप यहां आए और दोनों में विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव व ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर करीब 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी के दौरान दौरान एक गोली संदीप के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस ने मौके से छह खोखे, जिंदा कारतूस, एक रिवॉल्वर और एक तलवार बरामद की है। घायल संदीप को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। नेपाल की ओर से तहरीर दी गई है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी。
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
मकान को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। संजय का कहना है कि उन्होंने भूखंड नेपाल को बेचा था, लेकिन आरोपी कब्जा नहीं छोड़ रहे थे। इसीलिए कोर्ट में याचिका लगाई थी। उनका दावा है कि कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दिया था। नेपाल ने निर्माण शुरू करा दिया था। रात के समय आरोपी पक्ष ने ताला तोड़ा और उसमें घुस गए। उनके मुताबिक ताला तोड़ने की भी पुलिस को शिकायत दी थी। मगर कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार सुबह आरोपी पक्ष ने ही गोलीबारी की, उनकी ओर से गोली नहीं चलाई। बमुश्किल उनकी जान बची, लेकिन संदीप को गोली लग गई। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि संपत्ति पर शुरुआत से ही गजेंद्र और ऋषि का कब्जा है और मामला कोर्ट में चल रहा है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
काफी देर तक लोग दहशत में रहे
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जान बचाकर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना लगभग 15-20 मिनट आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। लोग अपने घरों से बाहर आ गए और गोलियां चलते देख दूर से ही वीडियो बनाने लगे। वायरल वीडियो में छत से एक व्यक्ति लगातार घूम-घूमकर गोलियां चलाते दिख रहा है। वहीं दूसरा व्यक्ति पत्थर फेंक रहा है। नीचे मौजूद एक व्यक्ति भी छत की ओर पत्थर फेंकते दिख रहा है। बताया गया है कि हमले में नेपाल के पेट में भी चोट आई है। हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है。

