Ghaziabad News: जिंदगी की दूसरी में पारी ऐश और आराम छोड़ समाज सुधार में जुटे वरिष्ठ नागरिक
Ghaziabad News: गाजियाबाद में कई वरिष्ठ नागरिक रिटायरमेंट के बाद समाज सुधार के कार्यों में जुट गए हैं। 70 वर्षीय वीरेंद्र चौधरी पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं, जबकि पॉवर जन सेवा समिति गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रही है। सेवानिवृत्त शिक्षिका शादाब कमर भी छात्रों को मुफ्त कोचिंग दे रही हैं।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। आमतौर पर रिटायरमेंट के बाद लोग बाकि जिंदगी अपने बच्चों, पोते-पोतियों और घूमने-फिरने के साथ बिताते हैं, लेकिन शहर के कुछ सीनियर सिटिजन यानि वरिष्ठ नागरिक ऐसे भी हैं जो जिंदगी की दूसरी पारी में ऐश और आराम छोड़ समाज सुधार के कार्यों में जुटे हैं। 60-70 की उम्र में इनका हौसला और कार्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर ऐसे ही वरिष्ठ नागरिकों पर एक रिपोर्टः-
पर्यावरण संरक्षण की मुहिम
वीरेंद्र चौधरी ने डिवाइडर, पार्कों को बना दिया हरा-भराः राजनगर एक्सटेंशन की हाई एंड पैराडाइज सोसाइटी निवासी 70 वर्षीय वीरेंद्र कुमार चौधरी पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को मजबूती दे रहे हैं। 2017 से से अब तक वह सैकड़ों पौधे लगा चुके हैं। हजारों पेड़ों को पानी देने, उनकी कंटाई-छंटाई का भी काम कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक क्षेत्र के केडब्ल्यू दिल्ली-6 मॉल से लेकर जीडी गोयनका स्कूल तक के बीच बने डिवाइडर, छठ पार्क और श्मशान घाट तक पर अधिकतर नीम, पीपल और बरगद के पेड़ उन्हीं के लगाए हुए हैं। वीरेंद्र बताते हैं कि इनकी ग्रोथ तेज है और ऑक्सीजन भी अधिक देते हैं। वह एक पेड़-एक परिवार, हिंडन जल बिरादरी और सेव एनवायरमेंट संस्थाओं से भी जुड़े हैं। पर्यावरण प्रेमी वीरेंद्र कहते हैं, अंतिम सांस तक पौधे लगाता रहूंगा, जिससे पर्यावरण को फायदा हो।
गरीब बच्चों के लिए शिक्षा कार्य
गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रही पॉवर जन सेवा समितिः पॉवर जन सेवा समिति विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त लोगों का संगठन है, जो गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रहा है। संस्था के संयुक्त सचिव अंशुल अग्रवाल बताते हैं कि वर्ष 2023 में 12 लोगों के साथ शुरुआत हुई थी, आज 100 लोग जुड़े हैं। सभी सदस्य अपनी क्षमता के हिसाब से नियमित दान करते हैं। इस फंड का उपयोग गरीब बच्चों की शिक्षा और वृद्धाश्रम के निराश्रितों को सहायता के लिए किया जाता है। समिति के अध्यक्ष बीएस शर्मा, उपाध्यक्ष डीके अरोड़ा और सचिव एससी गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके गुप्ता मिलकर अभी तक हजारों बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, जूते-मौजे, खाद्य सामग्री और कपड़े देकर मदद कर चुके हैं।
मुफ्त कोचिंग देने की पहल
सेवानिवृत्ति के बाद मुफ्त कोचिंग दे रहीं शादाब कमरः वैशाली कंपोजिट स्कूल से प्रधानाचार्या पद से सेवानिवृत्त शादाब कमर सेवानिवृत्ति के तीन साल बाद भी अपने छात्रों से जुड़ी हुई हैं। वह अपने स्कूल के गरीब छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देती हैं, ताकि बच्चों को पढ़ाई में कोई परेशानी न हो। वह अब तक कई बालिकाओं को स्कूल में दाखिला करा चुकी हैं।

