
वीएमएलजी में 99 और शंभू दयाल में 94 फीसदी विद्यार्थियों ने दी सेमेस्टर परीक्षा
- जिले के 30 केंद्रों पर दो पालियों में बुधवार से चल रहीं विषम सेमेस्टर
गाजियाबाद, कार्यालय संवाददाता। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के डिग्री कॉलेजों में गुरुवार को सेमेस्टर परीक्षाओं के दूसरे दिन बीए, बीकॉम समेत विभिन्न विषयों की परिक्षाएं आयोजित हुईं। इस दौरान कॉलेज स्तर पर सख्ती बरती गई। कड़ी जांच के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। एमएमएच, शंभू दयाल, वीएमएलजी, मान्यवर कांशीराम और एलआर समेत जिले के 30 कॉलेजों को यूनिवर्सिटी ने परीक्षा केंद्र बनाया है, जहां दो पालियों में परीक्षाएं हो रही हैं। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक है। पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन गुरुवार को मुख्य परीक्षा होने के चलते परीक्षार्थियों की संख्या अधिक रही, जबकि पहले दिन एक्स बैक की परीक्षाएं हुई, जिसमें संख्या बहुत कम थी।
दयानंद नगर स्थित वीएमएलजी कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना प्रसाद ने बताया कि सुबह की पाली में बीए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा थी। इसके लिए कुल 145 छात्राएं पंजीकृत थी। इसमें से तीन छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी, जबकि दूसरी पाली में बीकॉम तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा थी। इसके लिए कुल 142 छात्राओं का पंजीकरण था, जिसमें से 141 ने परीक्षा दी और केवल एक ही छात्रा अनुपस्थित रही। वहीं, शंभू दयाल पीजी कॉलेज में सुबह की पाली में कुल 222 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था। इसमें से 203 ने परीक्षा दी और 19 अनुपस्थित रहे, जबकि दोपहर की पाली में कुल 206 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 198 विद्यार्थी उपस्थित रहे और आठ ने परीक्षा छोड़ दी। सख्त जांच के बाद मिला प्रवेशः बीती परीक्षाओं में नकल के मामले सामने आने के बाद अब कॉलेजों की तरफ से विशेष सावधानी बरती जा रही है। कॉलेज अपने स्तर पर ही टीम का गठन कर परीक्षा के दौरान चेकिंग करा रहे हैं। गुरुवार को भी शंभू दयाल और वीएमएलजी कॉलेजों में परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की कड़ी जांच की गई। किसी भी बैग या इलेक्ट्रॉनिक वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, परीक्षा कक्षों में भी कैमरों से निगरानी की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




