Ghaziabad News: जर्जर मकान का छज्जा गिरा, स्कूल से आ रही दो छात्राएं चोटिल
Ghaziabad News: लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से कक्षा नौ की दो छात्राएं चोटिल हो गईं। छात्राएं स्कूल से घर लौट रही थीं जब यह हादसा हुआ। उन्हें जीटीबी अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मकान की मरम्मत करने के निर्देश दिए।

Ghaziabad News: लोनी, हरदीप श्रीवास्तव। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर जर्जर मकान का छज्जा गिरने से स्कूल से घर लौट रही कक्षा नौ की दो छात्राएं चोटिल हो गईं। वहीं, छज्जे के नीचे खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग पुलिस को सूचना देकर चोटिल छात्राओं को लेकर जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने दोनों छात्राओं काे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मकान की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए है। दिल्ली करावल नगर थाना क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में रहने वाले अरुण का लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की राधा विहार कॉलोनी में 50 वर्ग गज का मकान है।
पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई रवि के मुताबिक अरुण पत्नी शिवानी व पुत्र रिषी के साथ दिल्ली में रहते हैं और प्राइवेट नौकरी करते है। रवि ने बताया कि मकान का एक हिस्सा पिछले कुछ वर्ष से बंद पड़ा हुआ है। वहीं, मकान के एक कमरे में विनोद रहता है। वह मजदूरी करता है। काफी समय से बंद होने व देखरेख के अभाव के चलते दोपहर करीब पौने दो बजे मकान का छज्जा भरभराकर नीचे खड़ी कार पर गिर गया। जिससे दिल्ली मंडोली स्थित राजकीय कन्या बाल विद्यालय की कक्षा नौ में पढ़ने वाली दाे छात्राएं नीतू और सोनम निवासी राहुल गार्डन कॉलोनी मलबे की ईंट लगने से चोटिल हो गई। शोर सुनकर आस पास के लोग पुलिस को मामले की जानकारी देकर चोटिल छात्राओं को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने छात्राओं काे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। रवि ने बताया कि छज्जे के गिरने से उसके नीचे खड़ी उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की जानकारी अरुण को दी। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि हादसे के बाद मकान में रहने वाले किराएदार को अन्यत्र भेजकर मकान खाली करा दिया गया है। अरुण को मकान की मरम्मत कराने के लिए कहा है। वहीं हादसे में गली से गुजर रही दो छात्राओं के पैर में मलबे की ईंट लगने से चोट आई है। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी है। पीड़ित परिवार द्वारा मामले में शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


