
मनरेगा का नाम बदलकर गांव-देहात का रोजगार खत्म किया : सलमान खुर्शीद
-पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने भाजपा पर निशाना साधा -बोले, भाजपा को योजना
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना में महात्मा गांधी का नाम भाजपा को अच्छा नहीं लगा। भाजपा ने योजना को बदलकर गांव-देहात का रोजगार खत्म किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मनरेगा में रोजगार का अधिकार था। सलमान खुर्शीद सोमवार को जिला पार्टी कार्यालय पर सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि गांवों में रोजगार देने के लिए कांग्रेस ने मनरेगा की शुरूआत की थी।
100 दिन का रोजगार दिया गया। कांग्रेस के समय में मनरेगा में ग्राम पंचायतों को ग्रामीण विकास के लिए कार्य योजना बनाने का अधिकार ग्राम सभा को दिया गया। लेकिन भाजपा ने यह अधिकार छीन लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस मनरेगा का नाम बदलकर नई योजना में रोजगार की गांरटी दे रही है उससे गांव-देहात का रोजगार खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा महात्मा गांधी नाम हटाने के साथ ही रोजगार का अधिकार भी खत्म हो जाएगा। कांग्रेस मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में गांवों में अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश में एसआईआर की निगरानी के लिए सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों की निगरानी कमेटी बनाई है। एक माह के अंदर मतदाताओं के काटे गए नाम, छूटे हुए मतदाता और नए मतदाताओं का फार्म-छह भरवाकर मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। उन्होंने कहा पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केक काटकर प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, मनोज त्यागी, वीरसिंह जाटव, लोकेश चौधरी और आशुतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




