Ghaziabad News: व्यस्त सड़कों पर पैदल यात्रियों का सफर सुरक्षित होगा
Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नगर निगम ने योजना बनाई है। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग एवं पैदल पार पथ बनाए जाएंगे। इससे सड़क पार करने के दौरान होने वाले हादसों में कमी आएगी। पहले चरण में स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, संवाददाता। ट्रांस हिंडन में लगातार बढ़ते यातायात के बीच पैदल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने योजना बनाई है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग एवं पैदल पार पथ बनाए जाएंगे। पहले चरण में स्कूल, अस्पताल, बाजार, मेट्रो स्टेशन और दुर्घटना संभावित स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना का उद्देश्य सड़क पार करने के दौरान होने वाले हादसों को कम करना और पैदल आवागमन को सुरक्षित बनाना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया को पुरा कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। नगर निगम निर्माण विभाग सहायक अभियंता विपुल कुमार ने बताया कि साहिबाबाद की कई मुख्य सड़कें और चौराहे ऐसे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों लोग पैदल सड़क पार करते हैं। इनमें स्कूली छात्र, बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और कार्यालय जाने वाले कर्मचारी शामिल हैं। इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली और शालीमार गार्डन समेत अन्य स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित पैदल पार पथ नहीं होने से लोगों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच जोखिम उठाकर सड़क पार करनी पड़ती है। इसी को देखते नगर निगम करीब पांच करोड़ रूपये की लागत से सड़क पार करने की व्यवस्था करेगा। परियोजना के तहत अधिक पैदल आवाजाही वाले क्षेत्रों में मानक के अनुरूप जेब्रा क्रॉसिंग, पैदल पार पथ, सड़क संकेतक और आवश्यक सुरक्षा चिह्न विकसित किए जाएंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ यातायात भी अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता
योजना के पहले चरण में उन स्थानों को शामिल किया जाएगा, जहां सड़क हादसों की आशंका अधिक रहती है या पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्कूलों, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक संस्थानों के आसपास पैदल यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षित क्रॉसिंग बनने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक राहत मिलेगी।
बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को मिलेगी सुरक्षित राह
परियोजना पूरी होने के बाद साहिबाबाद की व्यस्त सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्कूलों के आसपास बच्चों, अस्पतालों के पास मरीजों और बुजुर्गों तथा बाजारों व मेट्रो स्टेशनों के निकट महिलाओं और दैनिक यात्रियों के लिए सड़क पार करना पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित होगा। जेब्रा क्रॉसिंग और पैदल पार पथ बनने से लोगों को निर्धारित स्थान से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने का जोखिम कम होगा।
साहिबाबाद में सड़क पार करना आसान और सुरक्षित होगा। इसके लिए जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित पैदल पार पथ बनाया जाएगा। निर्माण कार्य पुरा होने के बाद राहगीरों को राहत मिलेगी।- नरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग, नगर निगम


