
डेढ़ घंटे में दो महिलाओं की चेन छीनकर भागे बदमाश
गाजियाबाद में बेखौफ बदमाशों ने एक ही दिन में दो महिलाओं से सोने की चेन छीन ली। पहले मामले में पत्नी के गले से चेन झपटने के बाद, दूसरे मामले में एक मां को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
गाजियाबाद। बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए डेढ़ घंटे में दो महिलाओं से सोने की चेन छीन ली। घटनाओं को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। दोनों वारदात में शामिल बाइक सवार बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था, लिहाजा एक ही गैंग द्वारा वारदात करने का अंदेशा है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर बदमाशों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। सिहानी गेट थानाक्षेत्र के पटेल नगर थर्ड में रहने वाले बाबूराम ने पुलिस को दी शिकायत में बतााया कि पांच नवंबर को सुबह करीब छह बजे वह अपनी पत्नी सीमा गर्ग के साथ मंदिर जाने के लिए निकले थे।

जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश अचानक पीछे से आए और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली। दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगाया हुआ था। बाबूराम के अनुसार, वह कुछ समझ पाते तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर सिहानी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। दूसरे मामले में राजनगर सेक्टर-14 में रहने वाली प्रतिभा सहगल का कहना है कि पांच नवंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह छोटी बेटी को साइकिल चलाना सिखाते हुए हापुड़ चुंगी से संजय नगर फ्लाईओवर की तरफ जा रही थीं। जैसे ही वह संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल के पास यू-टर्न पर पहुंचीं तो दो बाइक सवार बदमाश अचानक पीछे से आए और उनके गले से दस तोला सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, दोनों बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे और हेलमेट लगाए हुए थे। उन्होंने शोर मचाते हुए पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। सूचना मिलने पर कविनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। घटना के संबंध में पीड़िता ने पांच नवंबर को कविनगर थाने में केस दर्ज कराया। डीसीपी सिटी धवल जयसवाल का कहना है कि दोनों मामलों में संबंधित थानों पर केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों को ट्रेस करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


