
जीटी रोड समेत चार बड़ी सड़कों की मरम्मत होगी
गाजियाबाद में फरवरी से दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, जीटी रोड, मोदीनगर-हापुड़ रोड समेत चार सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग ने 170 सड़कों की मरम्मत के लिए निविदाएं मांगी हैं। मरम्मत से लोगों को राहत मिलेगी, प्रदूषण कम होगा और जाम की समस्या हल होगी।
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। जनपद में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, जीटी रोड, मोदीनगर-हापुड़ रोड समेत चार सड़कों की मरम्मत कार्य फरवरी से शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने निविदाएं मांगी हैं। सड़कों की मरम्मत से लोगों को राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने जनपद की छोटी और बड़ी 170 सड़कों की मरम्मत कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने सभी प्रस्ताव मंजूर कर लिए हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राजाराम ने बताया सड़कों की मरम्मत के लिए निविदाएं मांगी हैं। इस माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
ग्रैप हटने पर फरवरी में सड़कों पर काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया सड़कों की मरम्मत से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही प्रदूषण भी कम होगा। इसके अलावा जाम की समस्या भी खत्म होगी। लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत के लिए जीटी रोड को दो भागों में बांटा है। लाल कुआं से मोहननगर और मोहननगर से ज्ञानी बॉर्डर तक जीटी रोड की मरम्मत कराई जाएगी। शहर के बीच से गुजर रहे जीटी रोड पर लाल कुआं से ज्ञानी बार्डर के बीच का हिस्सा सबसे अधिक आबादी, यातायात और कारोबार वाला है। इस रोड पर बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, लोहा मंडी, पाइप मार्केट, रेलवे रोड, घंटाघर समेत लाल कुआं, चौधरी मोड़, हापुड़ तिराहा, मेरठ तिराहा और मोहन नगर चौराहे जैसे प्रमुख स्थान हैं। मौजूदा समय मे 15 किलोमीटर लंबी जीटी रोड बदहाल है। जीटी रोड गड्ढों में तब्दील है। धूल उड़ने से प्रदूषण फैल रहा है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की मरम्मत होने से राहत मिलेगी : लोनी में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की मरम्मत होने से लोगों को राहत मिलेगी। लोनी में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग बदहाल होने से इस समय परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के दिनों में जल निकासी नहीं हो पाती। जलभराव के कारण सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। सड़क पर गड्ढे होने से दिनभर धूल उड़ रही है। इससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की मरम्मत होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। खास बात यह है कि सड़क पर जलभराव न हो इसके लिए नाला भी बनाया जाएगा। हापुड़-मोदीनगर सड़क पर भी काम होगा : हापुड़-मोदीनगर सड़क पर भी काम कराया जाएगा। लोग सड़क की मरम्मत कराने की मांग लंबे समय से कर रहे थे। मोदीनगर से हापुड़ की तरफ रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क बदहाल होने के कारण हादसा होने का डर रहता था। इसके अलावा फाटक के पास जाम रहता है। सड़क का निर्माण होने से जाम से राहत भी मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




