
सड़क हादसों में छात्र समेत दो घायल, हालत गंभीर
ट्रांस हिंडन में सड़क हादसों में एक छात्र सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इंदिरापुरम में एक बाइक ने छात्र को और लिंक रोड पर पिकअप ने एक युवक को टक्कर मारी। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। ट्रांस हिंडन जोन में हुए सड़क हादसों में एक छात्र समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पैदल जा रहे छात्र को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वहीं, लिंक रोड क्षेत्र में सड़क के किनारे खड़े एक युवक को पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। दोनों का गंभीर हालत में अस्पतालों में इलाज चल रहा है।मूलरूप से बिहार के मधुबनी जिला की रहने वाली खोड़ा निवासी कामिनी झा के अनुसार 15 दिसंबर को उनका 16 वर्षीय बेटा आर्यन झा स्कूल से घर आ रहा था। अभय खंड गौर ग्रीन चौराहे के पास बाइक ने उनके बेटे को टक्कर मार दी।
इसमें उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बेटे को कौशांबी स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक नंबर के आधार पर पीड़िता ने 21 दिसंबर को इंदिरापुरम थाने में केस दर्ज कराया। वहीं, भोपुरा के राजीव नगर निवासी अली शेर ने बताया कि उनका बेटा आमिर 14 दिसंबर को रात करीब 11 बजे एमके प्लेस के पास रिश्तेदार को लेने के लिए गया था। वहां पर रोड के किनारे खड़े होकर रिश्तेदार के आने का इंतजार कर रहा था, तभी दिल्ली की तरफ से आ रही पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसमें उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस के सहयोग से उनके बेटे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज में व्यस्त रहने के कारण 21 दिसंबर को पीड़ित ने केस दर्ज कराया। दोनों घटनाओं में पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




