दो माह में 300 से अधिक मरीज टाइफाइड से पीड़ित
गाजियाबाद में टाइफाइड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एमएमजी अस्पताल की जांच में 1621 बुखार मरीजों में से 319 टाइफाइड पॉजिटिव पाए गए हैं। दूषित पेयजल और खराब खानपान को इसके लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पानी की टेस्टिंग बढ़ा दी है और स्थानीय निकाय को सूचित किया गया है।

गाजियाबाद, संवाददाता। शहर में टाइफाइड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एमएमजी अस्पताल की ओपीडी में दो माह में 1621 बुखार मरीजों की जांच में 319 मरीज टाइफाइड पॉजिटिव मिले हैं। आशंका जताई जा रही कि यह दूषित पेयजल और खराब खानपान से हुआ है। एमएमजी अस्पताल में जनवरी 2026 में 556 जांच में 94 मरीज संक्रमित पाए गए। इनमें 40 से अधिक बच्चे शामिल हैं। वहीं फरवरी में 1065 जांच में 225 मरीज पॉजिटिव मिले। इनमें से करीब 50 प्रतिशत को भर्ती करना पड़ा। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच एमएमजी में 12499 जांच में 2959 और जिला संयुक्त अस्पताल संजयनगर में 5516 जांच में 1380 मरीज टाइफाइड पॉजिटिव पाए गए।
रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित इलाकों से लिए गए पानी के अधिकांश नमूने जांच में फेल मिले हैं। एमएमजी के फिजिशियन डॉ. आलोक रंजन के अनुसार टाइफाइड साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया से फैलने वाला संक्रामक बुखार है। 104 डिग्री तक तेज बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द इसके लक्षण हैं। उबला पानी पीने, हाथ धोने और समय पर एंटीबायोटिक इलाज से बचाव संभव है। शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी की टेस्टिंग लगातार कर रहा है। जिन स्थानों पर पानी के सैंपल फेल पाए गए हैं, उनकी जानाकरी स्थानीय निकाय को भेजी जा चुकी है और पेयजल गुणवत्ता में सुधार के लिए क्लोरिनेशन को कहा गया है। - डा. आरके गुप्ता, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट, गाजियाबाद
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



