Ghaziabad News: परिवार का सहारा बनने निकला युवक, चेकिंग में जब्त हुई बाइक
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक युवक की बाइक परिवहन विभाग द्वारा चेकिंग में जब्त कर ली गई। युवक, जो परिवार की आर्थिक मदद के लिए फास्ट फूड की दुकान पर काम कर रहा था, दुकान मालिक से मदद नहीं मिली। अंततः, युवक के पिता ने आरटीओ से गुहार लगाई और बाइक को छोड़ा गया। कुल 36 दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, प्रदीप वर्मा। परिवार का सहारा बनने के इरादे से फास्ट फूड की दुकान पर राइडर बना युवक तक मुसीबत में पड़ गया, जब परिवहन विभाग ने चेकिंग में उसकी बाइक पकड़ ली और दुकान मालिक ने बाइक छुड़ाने से पल्ला झाड़ लिया। युवक ने आरटीओ प्रवर्तन डा. सियाराम वर्मा को बताया कि जिस दुकान पर वह काम करता है, वह हाल ही में खुली है। परिवार की आर्थिक मदद के लिए उसने कविनगर में राइडर के रूप में नौकरी शुरू की थी। बाइक पकड़े जाने के बाद दुकानदार ने वाहन छुड़ाने से इनकार कर दिया और युवक से खुद ही बाइक छुड़ाने को कह दिया। दुकानदार उसे प्रति राइड के 12 रुपए का भुगतान करता है। मजबूर होकर युवक के पिता भी आरटीओ कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से बाइक छोड़ने की गुहार लगाई। इसके बाद युवक की बाइक रिलीज कर दी गई。
28 वाहनों को रिलीज किया
परिवहन विभाग ने इस अभियान में कुल 36 दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की। सभी चालकों से कहा गया कि वे अपनी कंपनियों के उच्चाधिकारियों को कार्यालय बुलाएं, तभी वाहन छोड़े जाएंगे। इनमें बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जोमैटो कंपनियों के प्रतिनिधि कार्यालय पहुंचे और उन्होंने परिवहन अधिकारियों को एग्रीगेटर लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 28 वाहनों को छोड़ दिया गया।
अभी भी आठ वाहन विभाग की अभिरक्षा में हैं
इन वाहनों से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। यदि ये कंपनियां लाइसेंस के लिए लिखित में पत्र देती हैं, तो इन वाहनों को भी रिलीज कर दिया जाएगा। -अमित राजन राय, एआरटीओ प्रवर्तन, गाजियाबाद

