Ghaziabad News: सड़क के बीच लगे खंभे और ट्रांसफार्मर से खतरा, एसोसिएशन ने की हटाने की मांग
Ghaziabad News: गाजियाबाद में हमतुम रोड पर निलाया ग्रीन और महक जीवन सोसाइटी के बीच सड़क पर लगे बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर के कारण हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग को पत्र लिखकर इन्हें हटाने की मांग की है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और यातायात में रुकावट आ रही है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। हमतुम रोड की निलाया ग्रीन और महक जीवन सोसाइटी के बीच सड़क के बीचों-बीच लगा बिजली के खंभे से हादसे का खतरा बना हुआ है। साथ ही विद्युत ट्रांसफॉर्मर भी सड़क पर रखा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग को पत्र लिखकर सड़क से खंभे और ट्रांसफार्मर हटाने की मांग की है। हम-तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन ट्रस्ट ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, यूपीपीसीएल गाजियाबाद को पत्र लिखकर ट्रांसफॉर्मर और खंभे को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। एसोसिएशन ने पत्र में कहा है कि हम-तुम रोड पर निलाया ग्रीन और महक जीवन सोसाइटी के बीच में सड़क पर विद्युत ट्रांसफॉर्मर और उसका पोल स्थापित है।
इससे वाहनों और पैदल यात्रियों को निकलने में दिक्कत होती है। ट्रैफिक के दबाव में जाम जैसी स्थिति हो जाती है। रात में लाइट कम होने से खंभा दिखाई नहीं देता, जिससे टक्कर का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भविष्य में सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में भी यह ट्रांसफॉर्मर बड़ी बाधा बनेगा। एसोसिएशन ने विभाग से मांग की है कि स्थल का तकनीकी निरीक्षण करके ट्रांसफॉर्मर और खंभे को सड़क किनारे या किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।

