
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुंचा हमतुम रोड की बदहाली का मुद्दा
राजनगर एक्सटेंशन की हमतुम रोड की खराब स्थिति पर स्थानीय निवासियों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को शिकायत दी है। लोग सड़क की जर्जर हालत, गड्ढों और कीचड़ से परेशान हैं। कई बार शिकायत करने और प्रदर्शन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। निवासियों ने आयोग से जल्द सड़क बनवाने की मांग की है।
- अनेकों शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद कार्रवाई न होने पर लोगों ने आयोग को शिकायत देकर जल्द सड़क बनवाने की मांग की गाजियाबाद, कार्यालय संवाददाता। राजनगर एक्सटेंशन स्थित हमतुम रोड की बदहाली का मुद्दा अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है। स्थानीय निवासियों ने सड़क की जर्जर स्थिति, लोगों की परेशानी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत आयोग से की है। लोगों ने आयोग से जल्द सड़क बनवाने की मांग की है। राजनगर एक्सटेंशन स्थित हमतुम रोड की स्थिति लंबे समय से दयनीय बनी हुई है। लोग काफी अरसे से इसे बनाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद से सड़क पर कई-कई फुट गहरे गड्ढे हो गए हैं।
कीचड़ गंदगी से जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासी मनजीत सिंह और अनिल शर्मा ने बताया कि सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। गड्ढों में पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। दो पहिया वाहन चालक रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मुरारी लाल शर्मा, डीके रक्षित और श्वेता रोहिल्ला का कहना है कि कई सालों से सड़क नहीं बनी है। नाली खडंजे सब बदहाल हैं। सड़कों पर पानी जमा है। नाले की पुलिया टूटी पड़ी है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह हैं। लोगों का कहना है कि जीडीए हर बार जमीन अधिग्रहण का बहाना बनाकर टाल देता है, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं हो रहा है। सैकड़ों शिकायतों और अनेकों प्रदर्शन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में अब लोगों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि आयोग लोगों की परेशानी को देखते हुए ठोस कदम उठाएगा। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सड़क पर चलने से वाहन हो रहे खराबः स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि गाड़ियां भी नहीं चल रही हैं। लोगों के वाहन खराब हो रहे हैं। दोपहिया वाहन बार-बार फिसल रहे हैं और चार पहिया वाहनों के एक्सेल व सस्पेंशन तक टूट रहे हैं। यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। ई रिक्शा और ऑटो जाने से कर रहे इंकारः निवासी ललित शर्मा और जेएस भढ़ाना ने बताया कि सड़क सही नहीं होने और कई दुर्घटनाएं होने के चलते ई रिक्शा और ऑटो चालक यहां आने से कतरा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग नौकरीपेशा हैं और बच्चे स्कूल जाते हैं। ई रिक्शा और ऑटो वालों के इंकार करने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




