Ghaziabad News: निजी विश्वविद्यालय के खिलाफ दूसरे दिन भी प्रदर्शन
Ghaziabad News: गाजियाबाद के क्राइस्ट विश्वविद्यालय में परीक्षाओं में अनियमितता और छात्रों के शोषण के आरोपों से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन करते हुए अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यकर्ताओं पर शिकायत दर्ज की।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। मरियम नगर स्थित क्राइस्ट विश्वविद्यालय पर परीक्षाओं में अनियमितता और छात्रों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने दूसरे दिन शनिवार को भी प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का पुतला बनाकर मरियम नगर में विरोध मार्च निकाला और मुख्य गेट पर पुतला दहन किया। एबीवीपी के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा में अनियमितता कर रहा है और बिना ठोस कारण के छात्रों को डिटेन (रोका) किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को भी एबीवीपी ने प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रशासन से कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर कार्यकर्ताओं ने इसे अनिश्चितकालीन धरने में बदल दिया। एबीवीपी गाजियाबाद महानगर के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पीड़ित छात्र और उनके परिजन लगातार विश्वविद्यालय से समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें टाल रहा है। ऐसे में शनिवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। शनिवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का पुतला बना कर मरियम नगर में मार्च निकाला और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुतला दहन कर विरोध जताया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया तो एबीवीपी विश्वविद्यालय की शव यात्रा निकालकर पूरे नंदग्राम क्षेत्र में प्रदर्शन करेगी.
एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में शिकायत
एक तरफ एबीवीपी विश्वविद्यालय पर छात्रों का शोषण करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रही है। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में अवैध तरीके से घुसने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मौके पर मौजूद कर्मियों के साथ अभद्रता करने आदि आरोप लगाते हुए नंदग्राम थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है।


