Ghaziabad News: भूखंड पर कब्जे के मामले में दो पक्ष आमने-सामने
Ghaziabad News: गाजियाबाद में अवंतिका कॉलोनी के विनायक फार्म हाउस के पास एक प्लॉट पर मालिकाना हक को लेकर विवाद हुआ। फेंसिंग के दौरान दो पक्ष भिड़ गए, जिससे कहासुनी और धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर उनकी शिकायतें दर्ज की। जांच जारी है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। कविनगर थाना क्षेत्र की अवंतिका कॉलोनी स्थित विनायक फार्म हाउस के पीछे साढ़े पांच सौ वर्गमीटर के प्लॉट पर मालिकाना हक को लेकर शुक्रवार सुबह विवाद हो गया। प्लॉट पर फेंसिंग कराए जाने का अंसल हाउस से जुड़े लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद धक्कामुक्की की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर प्लॉट पर अपना अधिकार होने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक हरसांव गांव निवासी सुशील शर्मा और धीरज शर्मा शुक्रवार सुबह प्लॉट पर फेंसिंग का कार्य करा रहे थे।
इसी दौरान अंसल हाउस की ओर से अमरदीप उर्फ दीपक चौधरी मौके पर पहुंचे और प्लॉट को अंसल ग्रुप की संपत्ति बताते हुए फेंसिंग का विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में धक्कामुक्की में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने लगाई जा रही फेंसिंग भी उखाड़ दी। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं सुशील शर्मा की पत्नी सीमा देवी के हाथ में फेंसिंग के कांटे लग गए, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर दोनों पक्षों को थाने पहुंचाया और उनके बयान दर्ज किए। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों ने संबंधित प्लॉट पर अपना-अपना मालिकाना हक होने का दावा किया है। दोनों से प्लॉट से जुड़े स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। साथ ही राजस्व विभाग के लेखपाल को मौके पर नपाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


