
गाजियाबाद में कल से होंगी प्री बोर्ड परीक्षाएं, तैयारी पूरी
- बोर्ड की तर्ज पर ही कड़ी निगरानी में कराई जाएंगी प्री बोर्ड परीक्षाएं -
गाजियाबाद, कार्यालय संवाददाता। जिले के यूपी बोर्ड के स्कूलों में 13 जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी, जो 24 जनवरी तक चलेंगी। इसके लिए स्कूलों ने सभी इंतजाम कर लिए हैं। फाइनल परीक्षाओं की तर्ज पर ही प्री बोर्ड परीक्षाएं कड़ी निगरानी में होंगी, ताकि छात्रों की तैयारी का अंदाजा लगाया जा सके। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 64 केंद्रों का निर्धारण हुआ है। उससे पहले 13 जनवरी से सभी स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षाएं होंगी। इससे पहले यह 15 जनवरी से होनी थीं। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि 17 जनवरी को एक प्रतियोगिता परीक्षा होने के चलते तिथि में बदलाव किया गया है।
13 जनवरी से शुरू होकर परीक्षाएं 24 जनवरी तक होंगी। इसके लिए स्कूलों को पहले ही निर्देश दे दिए गए थे। स्कूलों में सभी इंतजाम हो गए हैं। फाइनल परीक्षाओं की तरह ही प्री बोर्ड भी कड़ी निगरानी में होंगे। परीक्षा के दौरान क्लास में मौजूद रहने वाले शिक्षकों को सख्ती करने के लिए कहा गया है, ताकि परीक्षा को लेकर छात्रों की तैयारी का पता लगाया जा सके। जो छात्र कमजोर होंगे उन्हें अलग से तैयारी कराई जायेगी। वहीं, छात्रों को भी यह पता चल सकेगा कि वह किस विषय या टॉपिक में बेहतर हैं और किस विषय में और पढ़ने की जरूरत है। बीते वर्ष के प्रश्न पत्रों से होगी परीक्षा: प्री बोर्ड परीक्षाएं बीते वर्ष के बचे हुए प्रश्न पत्रों से कराई जाएगी। जिला माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बीत वर्ष के बचे हुए प्रश्न पत्रों को स्कूलों में पहुंचा दिया है। इसके लिए दो नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें प्री बोर्ड परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि इस वर्ष जिले में हाईस्कूल एवं इंटर में कुल 53 हजार 149 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




