Ghaziabad News: पर्याप्त पेयजल न मिलने से नाराज लोग जोनल दफ्तर पहुंचे

हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
Follow us on Google News
share

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन के करहेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंकने से शालीमार गार्डन क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। स्थानीय निवासियों ने 15 दिनों से पानी की कमी का आरोप लगाया और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।

Ghaziabad News: पर्याप्त पेयजल न मिलने से नाराज लोग जोनल दफ्तर पहुंचे

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। करहेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंकने से रेनीवेल परियोजना की बिजली आपूर्ति प्रभावित करीब एक सप्ताह से बाधित है। समस्या के चलते शालीमार गार्डन क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। करीब 15 दिनों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से नाराज स्थानीय लोग बुधवार को मोहन नगर जोनल कार्यालय और रेनीवेल परिसर पहुंचे और जलापूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की। जलकल विभाग शालीमार गार्डन और राजेंद्र नगर इलाके में करहेड़ा स्थित तीन रेनीवेल से पेयजल आपूर्ति करता है। रेनीवेल पर लगे पंप को चलाने के लिए करहेड़ा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती है। यहां पर लगा 10 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर करीब एक सप्ताह से खराब पड़ा है। इस कारण पंप नहीं चल पा रहा। जिससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। पानी की मांग को बुधवार को भाजपा निवर्तमान महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान और राजेंद्र नगर वार्ड 80 पार्षद राहुल शर्मा के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मोहन नगर जोनल दफ्तर और रेनीवेल पर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद और जोनल प्रभारी आशीष कुमार त्रिपाठी को क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट से अवगत कराया और आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में शैलेंद्र सक्सेना, केशव सक्सेना, हरीश गौड़, मनोज मिश्रा, जितेंद्र कुमार सिंह, योगराज शर्मा, विनोद कुमार सिंह, दिनेश माथुर, अरविंद कुमार राणा, गुरुदास पाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे。

15 दिन से पर्याप्त पानी नहीं मिलने का आरोप

लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में करीब 15 दिन से पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। इस कारण लोगों को दैनिक कार्य करने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी भूषण लाल टिंगलू ने बताया कि इलाके में करीब 15 दिन से पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। समस्या के चलते बाजार से बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। इस पर रोजाना 100 से 150 रुपये तक का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। वहीं पप्पू पहलवान ने बताया कि जनता करीब 15 दिन से परेशान है। समस्या के समाधान के लिए रात में रेनीवेल का निरिक्षण किया। इस दौरान अधिक समस्याएं देखने को मिली। पंप भी खराब मिले। जिनकी मरम्मत कर्मचारी कर रहे थे। इसको लेकर अधिकारियों से जल्द आपूर्ति कराने की मांग की है।

करहेड़ा उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से रेनीवेल को चलाया जाता है।

ट्रांसफार्मर खराब होने से समस्या बनी हुई है।- महाप्रबंंधक, केपी आनंद, जलकल विभाग

बारिश में उपकेंद्र में पानी भर जाने से ट्रांसफार्म में खराबी आई है। इसे बदलवाने की प्रक्रिया जारी है। नया ट्रांसफार्मर भी उपकेंद्र पर पहुंच चुका है। दो दिन में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।- बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता जोन तीन, विद्युत निगम

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

रेनीवेल परियोजना में बिजली आपूर्ति कब से बाधित है?
रेनीवेल परियोजना की बिजली आपूर्ति करीब एक सप्ताह से बाधित है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।