Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsPostmortem Report Confirms No Rape in Child s Death Case Family Demands Re-investigation
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई

संक्षेप:

ट्रांस हिंडन के गरिमा गार्डन इरशाद कॉलोनी में एक बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची की मौत डूबने से हुई बताई गई है, लेकिन परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं। बच्ची का शव चार नवंबर को मिला था।

Nov 06, 2025 06:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

ट्रांस हिंडन। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की गरिमा गार्डन इरशाद कॉलोनी में बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची के शरीर पर तीन जगह खरोंच के निशान मिले हैं, लेकिन चोट कोई नहीं है। मौत का कारण भी डूबने से बताया गया है। वहीं, परिजन रिपोर्ट को मानने से इनकार कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि बच्ची की हत्या करके शव को फेंका गया है। वह, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करेंगे। सिंकदरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की गरिमा गार्डन इरशाद कॉलोनी में मां की डांट से नाराज होकर तीन नवंबर को घर से निकली बच्ची का अगले दिन चार नवंबर को शव मिला था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बच्ची के पिता ने बताया कि वह चार नवंबर को सुबह सात बजे, 11 बजे और दोपहर में एक बजे पुलिस चौकी गए थे। दोपहर एक बजे उन्होंने चौकी पर बच्ची के गुम होने की तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर लेकर उन्हें वापस भेज दिया था। जिसके बाद वह खुद ही कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रहे थे। चार नवंबर की शाम के समय घर से कुछ दूरी पर खाली पड़े प्लाट में पानी से भरे गड्ढे में बच्ची का शव मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके अगवा होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया था। देर रात में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने रात में ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि बुधवार की देर शाम डॉक्टरों ने पैनल ने बच्ची का पोस्टमार्टम किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का समय लगभग डेढ़ दिन पूर्व बताया गया है। यह बच्ची के लापता होने से कुछ घंटे बाद का हो सकता है। रिपोर्ट में दुष्कर्म या प्रयास की पुष्टि नहीं हुई है और बच्ची की मौत डूबने के कारण हुई है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान है, जो गिरने के कारण आए हो सकते हैं। जहर की आशंका के चलते विसरा जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। इसके अलावा बच्ची की तलाश को लेकर परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। यदि इसमें लापरवाही सामने आती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग करेंगे बच्ची के पिता और मामा पुलिस जांच से असंतुष्ट हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मानने से भी इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि बच्ची की मौत डूबने से हुई तो उसके फेफड़ों और पेट में भी पानी भरा होगा, जो उन्हें नहीं बताया गया। इसके अलावा बच्ची की मौत का समय भी उन्हें नहीं बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को रात में किसी समय पानी से भरे गड्ढे में फेंका गया हो सकता है। बच्ची को तीन नवंबर की शाम लगभग सात बजे घटनास्थल के पास वाली गली में जाते हुए लोगों ने देखा था। उसी गली में बच्ची के मामा का घर है, जहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसी गली में दो खाली प्लाट हैं, जिनमें एक प्लाट में बच्ची का शव मिला था। बच्ची के मामा ने बताया कि उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्ची का फुटेज नहीं है। यानी बच्ची उस गली से बाहर नहीं निकली। बच्ची के मामा का कहना है कि वह दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करेंगे। गली में कई सीसीटीवी कैमरे, लेकिन चालू नहीं जिस गली के खाली प्लाट में बच्ची का शव मिला है, उस गली में और बाहर के कई घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन सभी कैमरे खराब हैं। पूरे मोहल्ले में केवल दो ही घरों में सीसीटीवी कैमरे हैं, लेकिन दोनों में ही बच्ची की फुटेज नहीं है। जन्मदिन से पहले सुपुर्द-ए-खाक हुई बच्ची बच्ची का छह नवंबर को जन्मदिन था, लेकिन उससे दो दिन पहले चार नवंबर को शव मिला। बच्ची की पांच वर्षीय छोटा भाई और डेढ़ वर्षीय छोटी बहन है। बच्ची के जन्मदिन से एक दिन पहले पांच नवंबर की रात को वह सुपुर्द-ए-खाक हो गई। अंतिम संस्कार में मदरसे के सभी बच्चे शामिल हुए थे। बच्ची की मां और पिता का रो रोकर बुरा हाल है। पिता इस घटना को हादसा मानने के लिए तैयार नहीं हैं।