पार्षद ने सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप लगाया
सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। नंदग्राम क्षेत्र की भाजपा पार्षद ने एक युवक पर सोशल मीडिया के जरिए चरित्र हनन, अभद्र टिप्पणी और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पार्षद का आरोप है कि आरोपी ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।कृष्णाकुंज निवासी छाया त्यागी नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की पार्षद हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ लोग उनसे और उनके परिवार से राजनीतिक रंजिश रखते हैं। आरोप है कि क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी विशाल वशिष्ट उर्फ विशाल त्यागी ने अपने फेसबुक अकाउंट से उनके संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा की और अभद्र टिप्पणियां कीं।
इस पोस्ट के जरिए उन पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी कर सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने राजनीतिक द्वेष के चलते उनकी छवि खराब करने की साजिश रची। पीड़िता के मुताबिक रविवार सुबह उनके पति संजीव त्यागी ने उन्हें फेसबुक पोस्ट के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पोस्ट देखी तो उसमें आपत्तिजनक भाषा और टिप्पणी पाई गई। आरोप है कि फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उनके पति को भी धमकी दी गई। पुलिस को दी गई शिकायत में पार्षद ने आरोपी के खिलाफ महिला उत्पीड़न, चारित्रिक उत्पीड़न और आईटी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


