
बेटे की मौत के बाद मानसिक संतुलन खो बैठी महिला को घर पहुंचाया
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक महिला जो अपने बेटे की मौत के बाद मानसिक संतुलन खो बैठी थी, उसे पुलिस ने परिवार से मिलाया। महिला 12 नवंबर को घर से बाहर निकली थी और सड़क पर घूम रही थी। पुलिस ने 7 घंटे की मेहनत के बाद महिला को उसके परिवार से मिला दिया, जिन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
ट्रांस हिंडन। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बेटे की मौत के बाद मानसिक संतुलन खो बैठी महिला को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परिवार से मिलाया। महिला 12 नवंबर को घर से निकल कर सड़कों पर घूम रही थी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को डायल 112 को सूचना मिली थी कि एक महिला सड़क पर खतरनाक तरीके से घूम रही है। जिससे वह हादसे का शिकार हो सकती है। पुलिस मौके पर पहुंच कर महिला को इंदिरापुरम थाने ले गई। थाने पर महिला दरोगा और सिपाहियों ने महिला से बातचीत की। महिला सिर्फ अपना नाम बता पाई।

इसके बाद महिला ने हाथ से इशारा करके पता बताया। इशारों के आधार पर पुलिस पहले दिल्ली के गाजीपुर पहुंची लेकिन, जब वहां कुछ पता नहीं चला तब वापस लौटते समय महिला कौशांबी क्षेत्र की ओर से इशारे करने लगी। टीम भोपुरा पहुंची तो वहां महिला का परिवार मिल गया। परिवार भी उसकी तलाश में निकला था। सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों को सौंप दिया। महिला के परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले ही महिला के बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक संतुलन खो बैठी थी। परिवार वाले भी उनकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


