Ghaziabad News: पुलिस चौकी के बाहर खुद को आग लगाने के मामले में चार गिरफ्तार
Ghaziabad News: खोड़ा थाना क्षेत्र में इरफान उर्फ मोनू ने आत्मदाह का प्रयास किया और 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मोनू का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को बचाने के लिए हल्की धाराओं में रिपोर्ट की। मोनू ने चेतावनी दी कि यदि कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वह फिर से आत्मदाह करेगा।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अक्षय अग्रवाल। खोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के बाहर आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को बचाने के लिए हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यदि पुलिस कठोर कार्रवाई नहीं करती है तो वह अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फिर से आत्मदाह करेगा। खोड़ा थाना क्षेत्र के वंदना एंक्लेव निवासी इरफान उर्फ मोनू ने बुधवार की देर शाम नेहरू गार्डन पुलिस चौकी के बाहर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था।
मोनू का आरोप था कि कॉलोनी में रहने वाले दबंगों ने उसे सात सितंबर की रात में अगवा किया और उसे जान से मारने के इरादे से बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट के चलते वह बेहोश हो गया था। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे किसी तरह से पुलिस चौकी पहुंचाया, लेकिन चौकी पुलिस ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। जिसके बाद वह थाने गया, लेकिन थाना पुलिस ने भी कार्रवाई से इनकार करते हुए उसका मेडिकल तक नहीं करवाया। नौ सितंबर की देर शाम उसे नेहरू गार्डन पुलिस चौकी बुलाया गया था। जब वह पुलिस चौकी पहुंचा तो आरोपी दबंग चौकी में बैठे हुए थे। उन्होंने उसे देखते ही अभद्रता करना शुरू कर दिया और पुलिस ने भी उस पर समझौता करने का दबाव बनाया। जिससे आहत होकर उसने आत्मदाह का प्रयास किया। मोनू फिलहाल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने मोनू की तहरीर के आधार पर 14 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सोनी यादव, दीपक, प्रिंस यादव और भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, पीड़ित मोनू का कहना है कि यदि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करती है और आरोपी उसे दोबारा से परेशान करते हैं तो वह आत्मदाह कर लेगा। मामले में भाकियू गजय के प्रदेश अध्यक्ष अनीस मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने दबंगों को फायदा पहुंचाने के लिए हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मोनू को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भाकियू गजय मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन करेगी। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।


