
पैठ बाजार लगाने से रोकने पर हंगामा
गाजियाबाद में रविवार को नगर निगम और पुलिस ने गंदे नाले पर पैठ बाजार नहीं लगने दिया। महिलाओं ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। महापौर ने निर्देश दिया था कि यह अवैध बाजार नहीं लगेगा। व्यापारी भी विरोध में धरना देने पहुंचे। आगे भी इस बाजार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम, पुलिस और व्यापारियों ने रविवार को शहर के गंदे नाले पर पैठ बाजार नहीं लगने दिया। वहीं, बाजार लगाने आई महिलाओं ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत करा दिया। पिछले रविवार को गंदे नाले पर लगने वाले पैठ बाजार को निगम और पुलिस ने हटवा दिया था। इस बार भी रविवार को नगर निगम सिटी जोन और पुलिस ने पैठ बाजार न लगे इसकी तैयारी शनिवार शाम को ही कर ली थी। रविवार सुबह व्यापारी भी पैठ बजार के विरोध में पहुंच गए थे, जो चौपला बाजार के पास धरने पर बैठ गए। व्यापारी राजू छाबड़ा ने बताया कि रविवार सुबह ही महापौर सुनीता दयाल ने लखनऊ से फोन कर पैठ बाजार न लगने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने कहा कि इस अवैध पैठ बाजार का विरोध जारी रहेगा। पार्षद राजीव शर्मा ने कहा कि पैठ बाजार लगाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, बाजार नहीं लगने देने पर महिलाओं ने हंगामा किया, लेकिन व्यापारियों ने मामले को शांत किया। -- निगम और पुलिस टीम रही मौजूद गंदे नाले पर पैठ बाजार ना लगे, इसके लिए शनिवार शाम को ही नगर निगम के सिटी जोन प्रभारी आरपी सिंह के नेतृत्व में पूरी तैयारी कर ली गई थी। रविवार सुबह से ही निगम और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। -- नवयुग मार्केट में लगा बाजार गंदे नाले पर पैठ बाजार का विरोध बढ़ने से पटरी पर दुकान लगाने वाले लोगों ने नवयुग मार्केट में निगम कार्यालय के बाहर वाली सड़क पर ही बाजार लगा दिया। हालांकि, रविवार को जीडीए और निगम के बीच वाली सड़क पर प्रत्येक रविवार को पैठ बाजार लगता है। -- गंदे नाले पर पैठ बाजार नहीं लगने दिया है। इसकी शनिवार को ही तैयारी कर ली गई थी। आगे भी यह बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। -आरपी सिंह, नगर निगम के सिटी जान प्रभारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




