
प्लंबर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत
साहिबाबाद के राजेंद्र नगर में एक निर्माणाधीन इमारत में पाइप फिटिंग करते समय एक प्लंबर की हाई टेंशन लाइन से electrocution से मृत्यु हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और शव गायब करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने शव को एमएमजी अस्पताल भेजा, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया।
ट्रांस हिंडन। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में बुधवार सुबह एक निर्माणाधीन आवासीय इमारत में पाइपों की फिटिंग का काम कर रहे प्लंबर की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव गायब करने का आरोप लगाया। हालांकि उसे एमएमजी अस्पताल भेजा गया था। बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन शव ले गए। देर शाम तक परिजनों ने थाने पर तहरीर नहीं दी। राजेंद्र नगर में बिल्डर अरविंद चौहान की आवासीय बहुमंजिला इमारत निर्माणाधीन है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि इमारत में मोनू नाम का ठेकादार निर्माण कार्य करवा रहा है।

इसी इमारत में 23 वर्षीय शिवम बुधवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे शिवम इमारत की दूसरी मंजिल पर लाइन फिटिंग का काम कर रहा था। इस दौरान वह इमारत के सामने से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि वह पाइप को उठा रहा था, जो लाइन को छू गया। इससे मौके पर हंगामा मच गया और पुलिस के साथ ही शिवम के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शिवम को एमएमजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर शिवम न मिलने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका शव भी गायब कर दिया गया है। हालांकि पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और कहा कि शव एमएमजी अस्पताल में है और उसके पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। इस पर परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पुलिस के समझाने पर भी परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया। शिवम के चाचा अजय ने बताया कि परिवार मूलरूप से जौनपुर के परशुरामपुर का रहने वाला है। यहां पिछले कई वर्षों से वह रह रहे हैं। शिवम के पिता विजय बहादुर कपड़ा फैक्टरी में सिलाई का काम करते हैं। युवक के दो छोटे भाई भी हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि हादसे के बाद बिल्डर की ओर से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की बात पर आपसी समझौता हुआ है। परिवार वालों ने कोई भी शिकायत नहीं दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


