
अस्पताल के फार्मेसी कर्मचारी पर गबन का केस
अपने खाते में ले रहा था दवाई की रकम आरोपी की करतूत कैमरे में कैद
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल की फार्मेसी में दवाओं का गलत तरीके से भुगतान लेने का मामला सामने आया है। फार्मेसी में कार्यरत कर्मचारी पर आरोप है कि वह ग्राहकों से निर्धारित क्यूआर कोड से भुगतान कराने की बजाय अपने मोबाइल पर रकम ले रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। थाना पिलखुवा जिला हापुड़ के गांव मुकीमपुर में रहने वाले मुकेश तोमर का कहना है कि वह नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में कार्यरत हैं। अस्पताल की फार्मेसी पर रजनीकांत नाम का कर्मचारी तैनात है। आरोप है कि फार्मेसी में लंबे समय से दवाइयों को गलत तरीके से ग्राहकों को देने और निजी नंबर पर रकम मंगाने का खेल चल रहा था।

आरोप है कि इस अनियमितता का खुलासा तब हुआ, जब अस्पताल प्रबंधन को दवाइयों की बिक्री और भुगतान के आंकड़ों में गड़बड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर जब फार्मेसी के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो उसमें रजनीकांत का कारनामा कैद मिला। घटना के संबंध में मुकेश तोमर ने दस दिसंबर को सिहानी गेट थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का कहना है कि शिकायत पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ अमानत में ख्यानत का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


