ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गाज़ियाबाद आदेश : सुरक्षा के नाम पर कॉलोनी का गेट बंद नहीं कर सकते

आदेश : सुरक्षा के नाम पर कॉलोनी का गेट बंद नहीं कर सकते

गाजियाबाद। कार्यालय संवाददाता। सुरक्षा के नाम पर कॉलोनी और सोसाइटी के गेट बंद नहीं...

आदेश : सुरक्षा के नाम पर कॉलोनी का गेट बंद नहीं कर सकते
हिन्दुस्तान टीम,गाज़ियाबादSat, 28 May 2022 05:00 PM
ऐप पर पढ़ें

गाजियाबाद। कार्यालय संवाददाता। सुरक्षा के नाम पर कॉलोनी और सोसाइटी के गेट बंद नहीं हो सकते। ऐसा करने पर नगर निगम जुर्माना लगाएगा। निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने लोगों की शिकायत मिलने पर आरडब्लूए और अन्य को चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश के बावजूद यदि गेट बंद रहता है तो फिर जुर्माना वसूला जाएगा।

शहर में 200 से ज्यादा सोसाइटी हैं। उन सभी में गेट हैं। सुरक्षा के नाम पर गेट बंद रहते हैं। लोगों के आने-जाने के लिए एक गेट खुला रहता है उस पर सुरक्षाकर्मी रहते हैं, जबकि अन्य गेट स्थाई रूप से बंद होते हैं। उन पर सुरक्षाकर्मी नहीं रहते। ऐसे में सोसाइटी में रहने वाले लोगों को परेशानी होती है।

कुछ सोसाइटी के लोगों का कहना है कि आरडब्लूए पदाधिकारियों से गेट खुलवाने की मांग की जाती है लेकिन वह सुरक्षा का हवाला देकर गेट खोलने को तैयार नहीं हो रहे। इस तरह की परेशानी कॉलोनियों में भी है। कॉलोनियों में लोगों ने अवैध रूप से गेट लगा लिए। गेट लगाने के लिए जीडीए या निगम से अनुमति तक नहीं ली गई। शहर की ज्यादातर कॉलोनी के लोगों ने चंदा एकत्रित कर अपनी गली में दोनों तरफ गेट लगवा लिए। एक तरफ के गेट को बंद रखा जाता है। रात में एक गेट बंद होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस तरह की शिकायतें निगम के पास पहुंच रही है। इस पर नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने गेट बंद करने वाले आरडब्लूए या अन्य के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया सोसाइटी के बाहर लगे गेट जो सुविधा के लिए लगाए जाते हैं लेकिन यह गेट लोगों की असुविधा का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बताया गेट खोले नहीं जाते। इस तरह की शिकायतें मिली हैं।

लंबे समय से बंद पड़े गेट खुलवाए जाएंगे

मुख्य अभियंता ने बताया ऐसे गेट जो कई साल से बंद हैं और उनकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है उन सभी गेट को खुलवाया जाएगा। इसके बावजूद गेट फिर से बंद कराए गए तो फिर आरडब्ल्यूए या अन्य संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना लगाया जाएगा।

गेट खुलने और बंद होने का समय तय होगा

मुख्य अभियंता ने बताया सड़क से ऐसे गेट जो सोसाइटी को जोड़ते हैं लेकिन बंद हैं उन्हें खुलवाया जाएगा। जिन गेट का खुलने और बंद होने का समय निर्धारण नहीं है उनका समय तय कराया जाएगा। आरडब्लूए और संबंधित को चेतावनी दी है कि गेट खोलने और बंद करने का समय हर हाल में निर्धारित किया जाए।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें