
व्यापारियों को ऑनलाइन सेवा की जानकारी दी
गाजियाबाद में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में बाट माप विभाग ने व्यापारियों को ऑनलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी। अब व्यापारी घर बैठे अपने तौल उपकरणों का सत्यापन ऑनलाइन कर सकते हैं।...
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। बाट माप विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें अधिकारियों ने व्यापारियों को विभाग की ऑनलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अब तौल उपकरणों का सत्यापन भी ऑनलाइन कर दिया गया है। रमतेराम रोड में हुई बैठक में विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप तथा ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के अंतर्गत व्यापारियों को सहूलियत देने के लिए बाट माप एवं तौल उपकरणों के सत्यापन की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है। अब व्यापारी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने तौल उपकरणों का सत्यापन मुद्रांकन करा सकता है।

इसके लिए अब व्यापारी को कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। तौल उपकरणों के सत्यापन के लिए व्यापारी को विधिक माप विज्ञान विभाग के वेब पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी फर्म का रजिस्ट्रेशन करना होगा। तत्पश्चात इसी पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से अपने तौल उपकरणों के सत्यापन हेतु आवेदन कर सकेगा। व्यापारी इसी पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से सत्यापन मुद्रांकन शुल्क जमा कर सकेगा तथा परीक्षण मुद्रांकन के उपरान्त सत्यापन प्रमाण पत्र स्वयं डाउनलोड एवं प्रिंट कर सकेगा। यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन एवं पारदर्शी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


