चोरी की कार संग हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर-58 से चोरी हुई कार द्वारा बुजुर्ग को टक्कर मारने से उनकी मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल दीपक को गिरफ्तार किया गया, जिसने तीन साल से फर्जी नंबर प्लेट पर चोरी की कार चला रखी थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि कार की चोरी की रिपोर्ट 2022 में दर्ज थी।

कार की टक्कर लगने से बुजुर्ग की हुई थी मौत नोएडा सेक्टर-58 थानाक्षेत्र से चोरी हुई थी कार ट्रांस हिंडन, संवाददाता। लिंक रोड थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को नोएडा से चोरी कार के साथ गिरफ्तार किया। चोरी की कार चलाते हुए हेड कांस्टेबल ने 14 दिसंबर को बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। जांच में पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान की तो खुलासा हुआ। हेड कांस्टेबल तीन साल से चोरी की कार चला रहा था। सूर्य नगर में रहने वाले रजत सैनी के पिता जयप्रकाश सैनी 14 दिसंबर की सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे।
घर से कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार कार ने उनके पिता को टक्कर मार दी। 21 दिसंबर को इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। रजत सैनी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि कार दिल्ली के शाहदरा थाने की साइबर सेल में तैनात हेड कांस्टेबल दीपक चला रहा था। मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले दीपक को पुलिस ने हिरासत में लिया और कार बरामद कर जांच की तो नंबर प्लेट फर्जी निकली। इंजन और चेसिस नंबर से खोजबीन की तो पता चला की कार चोरी की है। चोरी की रिपोर्ट 2022 में नोएडा के सेक्टर-58 थाने में दर्ज है। पुलिस के अनुसार दीपक चोरी की कार को लगभग तीन साल से फर्जी नंबर प्लेट के जरिए चला रहा था। जांच के बाद लिंक रोड थाना पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक ने कार चोरी की बात स्वीकार नहीं की। उसने यह बताया कि कार उसने किसी से खरीदी थी। उसे नहीं पता था कि यह कार चोरी की है। वह कार से सूर्यनगर में अपने किसी जानकार से मिलने आया था। यहां से वह वापस जा रहा था, इसी दौरान कार से बुजुर्ग को टक्कर लगी थी। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि दिल्ली पुलिस के आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कार को बरामद कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


