कार्यालय खुला पर पांचवें रविवार को भी नहीं हुई कोई रजिस्ट्री
गाजियाबाद, प्रमुख संवाददाता। शासन के निर्देश पर पांचवें रविवार को भी उप निबंधक सदर कार्यालय

गाजियाबाद, संजीव वर्मा। शासन के निर्देश पर पांचवें रविवार को भी उप निबंधक सदर कार्यालय खोला गया, लेकिन रविवार को एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। विभागीय स्टाफ पूरे समय कार्यालय में मौजूद रहा, बावजूद इसके कोई भी आवेदक रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचा। यह लगातार पांचवां रविवार है, जब रजिस्ट्री कार्यालय खुलने के बावजूद एक भी दस्तावेज दर्ज नहीं हो पाया। दरअसल, अप्रैल माह से शासन ने नया नियम लागू किया है, जिसके तहत सप्ताह के सातों दिन रजिस्ट्री कार्यालय खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में तहसील सदर के एक उप निबंधक कार्यालय रविवार को भी खोला जा रहा है।
शासन का उद्देश्य आम लोगों, खासकर नौकरीपेशा व्यक्तियों को सुविधा देना है, ताकि वे अवकाश के दिन अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री करा सकें। इससे निबंधन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई थी।इस मामले में अधिवक्ता और बैनामा लेखकों का कहना है कि रजिस्ट्री के साथ अन्य विभाग का भी खुला रहना आवश्यक है। रविवार को तहसील से संबंधित विशेषकर बैंक और अन्य विभाग बंद रहते हैं। ऐसे में सिर्फ रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का कोई औचित्य नहीं है। इससे आवेदकों को भी व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मामले में एआईजी स्टांप पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि विभाग शासन के निर्देशों का पालन कर रहा है। अभी तक पांच रविवार बीतने के बाद भी किसी भी रविवार को कोई बैनामा दर्ज नहीं हुआ। इसकी रिपोर्ट लगातार शासन को भेजी जा रही है। शासन स्तर से दो भी अग्रिम निर्देश होंगे उनका पालन किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


