
निपुण टेस्ट से पहले किया बच्चों की दक्षता का आकलन
- जिले के परिषदीय स्कूलों में 27 जनवरी को होनी है निपुण परीक्षा - बच्चों
गाजियाबाद, कार्यालय संवाददाता। परिषदीय स्कूलों में 27 जनवरी को होने वाले निपुण टेस्ट को लेकर बच्चों को तैयारी कराई जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को स्कूलों में कक्षा एक और दो के बच्चों की दक्षता का आकलन करने के लिए परीक्षा कराई गई। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर बच्चों के लिए नियमित अभ्यास कक्षाएं चलाई जाएंगी। कक्षा एक और दो के बच्चों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक में दक्ष करने के लिए पूरे देश में 2026-27 तक निपुण भारत अभियान संचालित है। इसी के तहत 27 जनवरी को जिले के 389 प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों में कक्षा एक और दो के बच्चों का टेस्ट होना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि बच्चे परीक्षा के लिए कितना तैयार हैं, किसमें कमजोर हैं और कितने अभ्यास की जरूरत है, इसी का आकलन करने के लिए ही सोमवार को सीडीओ और डायट प्राचार्य के मार्गदर्शन में परीक्षा कराई गई। अब प्राप्त प्रगति के आधार पर 27 जनवरी तक नियमित रूप से पिछड़े बच्चों को उपचारात्मक शिक्षण कार्य कराया जाएगा। वहीं, सक्षम बच्चों को भी अभ्यास कराकर और बेहतर तैयारी कराई जाएगी। जिला समन्वयक प्रशिक्षण सिंपल चौधरी ने बताया कि 27 जनवरी तक सभी खंड शिक्षा अधिकारी नियमित रूप से सभी बच्चों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वहीं, बीएसए ने शत-प्रतिशत निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी शिक्षकों, एआरपी, एसआरजी, डीसी और बीईओ से पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। अभ्यास के लिए बनाए प्रश्न पत्रः निपुण टेस्ट केवल कक्षा एक और दो के बच्चों का ही होना है। परीक्षा पास करने के लिए अलग-अलग मानक बनाए गए हैं। परीक्षा का अभ्यास कराने के लिए शिक्षा विभाग की निपुण सेल और अकादमिक टीम ने प्रश्न पत्र बनाए गए हैं। 27 जनवरी को डायट प्रशिक्षु रोस्टर बनाकर विद्यालयों में बच्चों का निपुण टेस्ट लेंगे। व्यवस्था संभालने को कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसमें एसआरजीए डीसी प्रशिक्षण समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




