27 जनवरी से परिषदीय स्कूलों में होगी निपुण परीक्षा
- जिले के सभी 446 परिषदीय स्कूलों में डायट की टीम कराएगी परीक्षा - निपुण
गाजियाबाद, संवाददाता। जिले के परिषदीय स्कूलों में 27 जनवरी से निपुण एसेसमेंट परीक्षा कराई जाएगी। पिछले सत्र में कुल 310 स्कूलों में निपुण परीक्षा कराई गई थी लेकिन इस बार सभी 446 स्कूलों में परीक्षा आयोजित होगी और बच्चों की निपुणता को परखा जाएगा। डायट की टीम स्कूलों में पहुंचकर बच्चों की ऑनलाइन परीक्षा लेगी। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक और दो के बच्चों की निपुण एसेसमेंट परीक्षा 27 जनवरी से शुरू की जाएगी। जनपद के 446 परिषदीय स्कूलों में सात दिन में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से बच्चों की ऑनलाइन परीक्षा होगी।
निपुण भारत अभियान के तहत कराई जाने वाली इस परीक्षा में बच्चों का गणित और भाषा ज्ञान परखा जाएगा। परीक्षा के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। एक दिन में जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान की एक टीम दो स्कूलों में जाकर परीक्षा कराएगी। एक स्कूल में परीक्षा कराने में तीन घंटे का समय लगता है। एक कक्षा के अधिकतम 12 बच्चे देंगे परीक्षा: निपुण परीक्षा में एक कक्षा के अधिकतम 12 बच्चे ही बैठेंगे। अगर किसी कक्षा में 12 से कम विद्यार्थी हैं तो कक्षा के सभी बच्चे परीक्षा देंगे। पारदर्शिता बनाने के लिए परीक्षा के दौरान किन्हीं 12 बच्चों को बुलाया जा सकता है। परीक्षा कराने के लिए टीम को भी प्रशिक्षण दिया गया है। पिछले सत्र 72 फीसदी रहा था निपुण परिणाम: सत्र 2024-25 में जिले के 310 स्कूलों में निपुण परीक्षा कराई गई थी। इसमें जिले का परिणाम 71 फीसदी रहा था। 310 में से 223 स्कूल निपुण परीक्षा में उत्तीर्ण हुए थे। यह आंकड़ा हर वर्ष की तुलना में बहुत बेहतर था। उत्तीर्ण होने वाले विद्यालयों को शासन की ओर से सम्मानित भी किया गया था। परीक्षा कराने के लिए स्कूलों में रोस्टर जारी कर दिया गया है। परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे परीक्षा के समय कोई समस्या न हो। निपुण परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी खूब मेहनत की है। -ओपी यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




