Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsNeglected Green Belts in Trans Hindon Demand Urgent Maintenance
सेंट्रल वर्ज के सौंदर्यीकरण के बीच हरित पट्टी हो रही बदहाल

सेंट्रल वर्ज के सौंदर्यीकरण के बीच हरित पट्टी हो रही बदहाल

संक्षेप:

ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बने सेंट्रल वर्ज की देखरेख के अभाव में हरित पट्टियां बदहाल हो गई हैं। पेड़-पौधों की अवशेष, टूटी बेंचें और गंदगी से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी सफाई और नियमित देखरेख की मांग कर रहे हैं। उद्यान विभाग ने कहा कि जल्द ही सफाई कराई जाएगी।

Dec 04, 2025 07:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

ट्रांस हिंडन। उद्यान विभाग बीते करीब दो माह से लगातार ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बने सेंट्रल वर्ज को सुंदर बनाने का कार्य कर रहा है, लेकिन देखरेख के अभाव में क्षेत्र में बनी हरित पट्टियां बदहाल होती जा रही हैं। जगह-जगह पेड़ों की टूटी टहनियां और अवशेष पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को सुबह-शाम सैर करने में दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर हरित पट्टी में लगी बेंचें भी टूटने लगी हैं। वसुंधरा के सेक्टर-1 से 19 तक लिंक रोड और हिंडन के किनारे हरित पट्टी बनी हुई है। इंदिरापुरम के कई स्थानों पर तथा मोहन नगर जोन में राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन, लाजपत नगर समेत कई क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट विकसित की गई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

देखरेख के अभाव में यह सभी जगहें बदहाल होती जा रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हरित पट्टियों में जगह-जगह गंदगी, सूखे पौधे और पेड़-पौधों के अवशेष पड़े रहते हैं। उनका आरोप है कि नगर निगम अन्य कार्यों में व्यस्त रहने के कारण इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शालीमार गार्डन निवासी हिमांशी ने बताया कि इलाके की ग्रीन बेल्ट में अब कई लोग कूड़ा फेंकने लगे हैं। कई जगह पेड़ों की टूटी टहनियां पड़ी हुई हैं, जिससे सुबह की सैर के लिए हरित पट्टी का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है। वसुंधरा निवासी गौरव नंदा ने बताया कि सेक्टर-7 से 15 तक की हरित पट्टी को करीब तीन वर्ष पहले विकसित किया गया था, लेकिन इन दिनों देखरेख न होने से यहां गंदगी फैल गई है। गंदगी के कारण अब असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने लगा है, जिससे माहौल खराब हो रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनकी मांग है कि ग्रीन बेल्ट की तुरंत सफाई कर नियमित देखरेख की व्यवस्था की जाए। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में कूड़ा डाले जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। जल्द ही सफाई कराई जाएगी।