गृहमंत्री ने छह नए रीजनल रिस्पॉन्स सेंटर का शिलान्यास किया
:: निशान अलंकरण समारोह :: - गृह मंत्री अमित शाह ने 24 से अधिक

गाजियाबाद, मोहित शर्मा। कमला नेहरू नगर स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की आठवीं बटालियन में गुरुवार को राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में छह नए रीजनल रिस्पॉन्स सेंटर का शिलान्यास और एक सेंटर का सजीव उद्घाटन किया। समारोह के दौरान जवानों ने गृह मंत्री को सलामी दी। छह आरआरसी सेंटर (रीजनल रिस्पॉन्स सेंटर) अगरतला, एर्नाकुलम, नूरपुर, लखनऊ, गंगटोक, गांधीनगर का शिल्यानास और देहरादून आरआरसी का सजीव उद्घाटन किया। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक, संसाधनों और प्रशिक्षित बल के माध्यम से देशभर में राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है।
एनडीआरएफ की उपलब्धियां
वहीं, एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीआरएफ ने 12 हजार से अधिक बचाव अभियान चलाए हैं। इन अभियानों में डेढ़ लाख से अधिक लोगों को बचाया गया साथ ही बाढ़, चक्रवात, भूस्खलन, शहरी आपदाओं में फंसे नौ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला। देश में प्राकृतिक आपदाओं, भवन ध्वस्त होने, बाढ़, भूकंप और अन्य आपात स्थितियों में एनडीआरएफ ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया है। कहा कि एनडीआरएफ केवल बचाव अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एनडीआरएफ ने हजारों एसडीआरएफ कर्मियों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों को प्रशिक्षण प्रदान किया है।
धर्मगुरुओं की उपस्थिति
समारोह में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने राष्ट्रपति निशान के पवित्रीकरण की रस्म पूरी की। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्मगुरुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना और प्रार्थना के बाद निशान को अकादमी का हिस्सा बनाया गया। इस मौके पर पिछले वर्ष अकादमी में हुई विभिन्न एनडीआरएफ की प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को पदक भी दिए गए। इस मौके पर यूपी के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, डॉ. राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा , लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, एनडीआरएफ अकादमी के कमांडेंट सुरेश कुमार, डिप्टी कमांडेंट कुनाल तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गृह मंत्री ने पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने अकादमी परिसर स्थित महर्षि चरक वाटिका में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर अधिकारियों और जवानों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
डॉक्यूमेंटरी का प्रदर्शन
कार्यक्रम में एनडीआरएफ द्वारा पूर्व में संचालित किए गए बचाव अभियानों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंटरी भी प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंटरी में देश के विभिन्न देशों सहित राज्यों में आए भूकंप, बाढ़, भूस्खलन और अन्य आपदाओं के दौरान एनडीआरएफ के साहसिक कार्यों को दिखाया गया। जवानों द्वारा कठिन परिस्थितियों में किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन को देखकर उपस्थित लोगों ने उनकी सराहना की।
अधिकारियों और जवानों का सम्मान
अधिकारियों और जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीआरएफ के दो दर्जन से अधिक अधिकारियों सहित जवानों को एनडीआरएफ में उनकी सराहनीय सेवा देने के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसमें अकादमी के कमांडेंट, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कमान अधिकारी सहित अन्य जवानों को सम्मानित किया।
परेड का आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान अकादमी में हुई परेड आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। कार्यक्रम में आईटीबीपी ब्रास एवं पाइप बैंड की आकर्षक प्रस्तुति व एनडीआरएफ के रेस्क्यू कर्मियों द्वारा साहसिक रोप रेस्क्यू प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों ने बैंड की धुन पर कदम ताल की, जिसने सभी लोगों का मन मोह लिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


