मां कालरात्रि की पूजा कर भय और संकटों से मुक्ति की कामना की
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में चैत्र नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में व्रत रखकर पूजा की और भय, बाधाओं से मुक्ति की कामना की। मंदिरों में हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे भक्तिमय वातावरण बना।

ट्रांस हिंडन, संवाददाता।चैत्र नवरात्र के सातवें दिन ट्रांस हिंडन क्षेत्र में देवी दुर्गा के उग्र स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मोहन नगर देवी मंदिर, इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी समेत विभिन्न सोसाइटी और कॉलोनियों के मंदिरों में भक्तों ने विधि-विधान से व्रत रखकर मां कालरात्रि की पूजा की। श्रद्धालुओं ने फूल, फल और प्रसाद अर्पित कर भय, बाधाओं और संकटों से मुक्ति की कामना की।मोहन नगर मंदिर के पुजारी गुनगुन आनंद पांडेय ने बताया कि मान्यता है कि नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा करने से भय, नकारात्मक शक्तियों और जीवन की बाधाओं का नाश होता है।
माता की कृपा से साहस, आत्मविश्वास और सुरक्षा की प्राप्ति होती है तथा जीवन में आने वाले संकट दूर होते हैं। इस अवसर पर मंदिरों में हवन, मंत्रोच्चारण, महाआरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति की गूंज सुनाई देती रही। मंदिर परिसरों को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने मां से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए पूरे भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


