प्रेमप्रसंग के चलते युवक की हत्या की आशंका
फॉलोअप : -मृतक के चचेरे भाई ने दो भाइयों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा -गुरुग्राम

लोनी, हरदीप श्रीवास्तव। लोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को बागपत निवासी नितिन राणा की हत्या के मामले में पुलिस को मृतक के मोबाइल में गांव में रहने वाली युवती व उसके भाई की काल की डिटेल मिली है। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर पुलिस ने गांव निवासी युवती के दो भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। लोनी थाना क्षेत्र के सिखरानी गांव में स्टेडियम के पास ट्यूबवेल पर युवक का गोली लगा शव पड़ा हुआ था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त बैग में मिले आधार कार्ड से जनपद बागपत के डोला गांव में रहने वाले बीस वर्षीय नितिन राणा के रूप में की थी। युवक की कनपटी व छाती में गोली मारकर हत्या की गई थी। घटनास्थल पर बीयर की चार केन व तीन गिलास पड़े मिले थे। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजनों लोनी पहुंचे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नितिन दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से गुरुग्राम में नौकरी की तलाश में जाने की बात कहकर निकला था। पड़ोसी युवक विपिन उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था.
हत्या का कारण
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि परिजनों ने शिकायत में बताया कि गांव निवासी युवती किसी के साथ घर से चली गई थी। युवती के कहने पर नितिन ने उसे बागपत छोड़ा था। घर वापस आने के बाद युवती ने अपनी मर्जी से जाने के बयान पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। बावजूद इसके युवती के दोनों भाई आशुतोष और तनिष नितिन को जान से मारने की धमकी देते रहते थे। पुलिस जांच में पता चला कि युवती शादी होने के बाद भी नितिन के संपर्क में थी। मोबाइल में दोनों की काल डिटेट्स मिली है। संभवत यह बात युवती के भाईयों को पता लग गई थी। इसके चलते मृतक को गुरुग्राम में नौकरी के बहाने घर से बुलाकर लोनी थाना क्षेत्र में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई चांद की शिकायत पर युवती के भाइयों आशुतोष व तनिष के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की चार टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए हर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों के मोबाइल बंद है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


