ऑटो संग जला हुआ शव मिलने से सनसनी

Jan 14, 2026 08:15 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share

लोनी, वरिष्ठ संवाददाता। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह ऑटो संग जला हुआ शव

ऑटो संग जला हुआ शव मिलने से सनसनी

लोनी, वरिष्ठ संवाददाता। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह ऑटो संग जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। ऑटो में पीछे नीचे की ओर रखा शव और ऑटो दोनों पूरी तरह से जले हुए मिले। शुरुआती जांच में हत्या कर ऑटो में शव रखकर दोनों में आग लगाने की बात सामने आई है। पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। ट्रोनिका सिटी के सेक्टर डी 1 में बंजर भूमि पर बुधवार सुबह लोगों ने एक ऑटो जली हुई हालत में देखा। लोग पास गए तो पीछे की ओर नीचे एक शव भी जला हुआ रखा था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

देखने से ही लग रहा था कि शव को ऑटो में रखकर आग लगाई गई, जिसमें दोनों लगभग पूरी तरह से जल गए। पुलिस को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली तो हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की साजिश के तहत शव व ऑटो जलाने के एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। ऑटो गाजियाबाद नंबर का है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि, अभी यह पता भी नहीं चल पाया है कि शव महिला का है या पुरुष का क्योंकि यह काफी हद तक जल गया है। वहीं इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत है। लोनी के युवक के नाम पर है ऑटो शव और ऑटो लगभग पूरी तरह से जल गए हैं। हालांकि, वाहन नंबर पता चल गया। इसे ट्रेस किया तो पता चला कि ऑटो डाबर तालाब कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। मगर यह व्यक्ति पुलिस को घर पर नहीं मिला। घर वालों का कहना है कि वह काम के लिए बाहर गए हुए हैं। पुलिस अभी यह भी साफ तौर पर नहीं बता रही है कि वह व्यक्ति खुद ऑटो चलाता था या किसी को किराये पर दे रखा था। ऑटो का नंबर ही पुलिस के लिए अहम सुबूत माना जा रहा है। इसी से पहला सुबूत मिला है और आगे भी जांच का यह अहम हिस्सा रहेगा। आधा किलोमीटर दायरे में कोई कैमरा नहीं मिला जिन परिस्थिति और जगह पर शव मिला है, उससे साफ है कि हत्या कर शव को जलाया गया है। घटनास्थल के आसपास करीब आधा किलोमीटर दायरे में कोई कैमरा नहीं मिला है। बंजर जमीन है और औद्योगिक क्षेत्र का वह हिस्सा है, जहां कोई नहीं जाता। यह आम रास्ता नहीं है। इससे साफ है कि हत्या के बाद यहां शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने के लिए ही लाया गया था। ऑटो में शव रखने की जगह भी हत्या की ओर ही इशारा कर रही है, क्योंकि सामान्यतः अचानक आग लगने पर ऑटो में मौजूद कोई भी व्यक्ति भागकर अपनी जान बचा लेता। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कह रहे हैं। ऑटो के नंबर के आधार पर छानबीन कर रहे हैं। पोस्टमार्टम होने पर ही पता चलेगा कि मौत कैसे हुई और शव किसका है। जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सिद्धार्थ गौतम, एसीपी, लोनी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।