डेयरी संचालक के हत्यारोपी समेत पांच गिरफ्तार
-सुबह मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी को गोली लगी -शाम को चार

- ओंकार का शव आठवें दिन भी नहीं मिला, तलाश जारी
लोनी, संवाददाता। लोनी थाना पुलिस ने डेयरी संचालक ओंकार की हत्या के मामले में शनिवार को पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया। सुबह मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। शाम को साजिश में शामिल चार और आरोपी पकड़ा गया। दूसरी ओर, ओंकार का शव आठवें दिन भी नहीं मिल सका है।
खड़खड़ी अंडरपास में गोलीबारी
खड़खड़ी अंडरपास में 30 मई को गनौली गांव निवासी 45 वर्षीय ओंकार उर्फ ओमन को गोली मारकर अपहरण कर लिया गया था। ओंकार के भाई सुरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने गांव में रहने वाले गोपाल, गौरव, उसके भाई सौरभ उर्फ भोला, मोहित और गोपाल के फुफेरे भाई गौरव निवासी बादलपुर पर मुकदमा दर्ज किया था। पांचों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस निठौरा अंडरपास के नजदीक जांच कर रही थी। निठौरा की ओर से आते हुए बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। इस कारण गिर गया और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। आरोपी की पहचान गौरव निवासी गनौली के रूप में हुई, जो ओंकार की हत्या और अपहरण मामले में फरार था। गौरव ने बताया कि भाई सौरभ, मोहित, गोपाल और उसके फुफेरे भाई गौरव के साथ मिलकर ओंकार पर खड़खड़ी अंडरपास में गोलियां बरसाई थीं। ओंकार को कार में डालकर ले गए और मेरठ स्थित पूठ गंगनहर में उनका शव फेंक दिया। इसके बाद से वह छिपता फिर रहा था। शनिवार शाम साजिश में शामिल विपिन निवासी मसौता, प्रदीप निवासी माधोगढ़ी, लोकेश और जितेंद्र भाटी निवासी गौतमबुद्धनगर को भी गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी 50 हजार रुपये के दो इनामी मोहित व गौरव समेत 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मगर ओंकार का शव बरामद नहीं मिल पाया है।
गंगनहर में अभियान चलाया जा रहा
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि हत्यारोपियों के बयान पर गंगनहर में सर्च अभियान चलाकर शव की तलाश की जा रही है। मेरठ से लेकर अलीगढ़ तक गंगनहर में शव तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों को करीब सात शव की शिनाख्त कराई गई है। हालांकि शव बरामद नहीं हो सका है। आरोपियों के न्यायालय में सरेंडर करने की आशंका है, जिसके चलते पुलिस टीम सादे कपड़ों में न्यायालय के आस पास तैनात है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पर केस
मामले में वायरल वीडियो के आधार पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वीडियो में मनोज धामा कह रहे हैं कि हत्यारा लोनी विधायक का जानकार है। गनोली निवासी अनुज ने मनोज धामा पर माहौल खराब करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वहीं मनोज धामा का कहना है कि न्याय की मांग करने पर उन पर मुकदमा लिखवाया गया है। यह विरोधियों की बौखलाहट का दर्शाता है।
--------------
हरदीप श्रीवास्तव
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


